• कलयुगी नाबालिग बेटे ने ही चाकुओं से गोदकर की थी पिता की हत्या
जयपुर 15 नवंबर। बारां जिले के अन्ता थाना क्षेत्र के ग्राम धाकड़खेड़ी में शुक्रवार को एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। बारां पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि माताजी की पुलिया के पास एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर थाना अन्ता पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
एसपी अंदासु ने बताया कि घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी व वृताधिकारी सोजी लाल मीणा के निर्देशन और थानाधिकारी भूपेश शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तेजी से जांच करते हुए महज 24 घंटे के भीतर ही इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दिया।
कलयुगी बेटे ने दिया वारदात को अंजाम
पुलिस अनुसंधान में पता चला कि हत्या की इस जघन्य वारदात को मृतक के नाबालिग बेटे ने ही अंजाम दिया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामूली कहासुनी होने पर नाबालिग ने अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गठित विशेष टीम ने अथक प्रयास करते हुए शनिवार 15 नवम्बर को हत्या के बाल अपचारी को निरुद्ध कर लिया है। निरुद्ध किए गए बालक को अब किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा और मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है। पुलिस टीम में थानाधिकारी भूपेश शर्मा के साथ एएसआई रामावतार, कांस्टेबल हरवीर और विशेष भूमिका निभाने वाले थाना अन्ता के कांस्टेबल वीरेन्द्र तथा थाना सांगोद के कांस्टेबल सोनू शामिल थे।
