स्वतंत्रता सेनानी दम्पति स्व. परशराम-स्व. शांता त्रिवेदी की मूर्तियों का अनावरण 14 को

उदयपुर, 12 अक्टूबर: स्वतंत्रता सेनानी दम्पति स्व. परशराम त्रिवेदी और उनकी पत्नी स्व. शांता त्रिवेदी की यहां  लवकुश इंडोर स्टेडियम के पास स्थित राजस्थान महिला परिषद परिसर में स्थापित मूर्ति का 14 अक्टूबर को  सुबह 11 बजे समारोहपूर्वक अनावरण किया जाएगा।
राजस्थान महिला परिषद की अध्यक्ष चंद्रकांता त्रिवेदी एवं निदेशक पूर्व राज्यमंत्री जगदीश राज श्रीमाली ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया होंगे जबकि अध्यक्षता समाजवादी विचारक एवं पूर्व विधायक मोहन प्रकाश करेंगे।  अति विशिष्ट अतिथि निवृति कुमारी मेवाड़, विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा, शहर विधायक ताराचंद जैन और राजस्थान विद्यापीठ डीम्ड विश्वविद्यालय उदयपुर के कुलगुरु प्रो. एस. एस. सारंगदेवोत होंगे। समारोह में चावंड आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी हितेश्वरानंद सरस्वती आशीर्वचन प्रदान करेंगे। परिषद की सचिव दिव्या जौहरी ने बताया कि समारोह को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है। कोषाध्यक्ष अक्षिता त्रिवेदी ने बताया कि स्व. परशराम त्रिवेदी और स्व. शांता त्रिवेदी के योगदान को ये मूर्तियां हर समय याद दिलाते हुए स्टूडेंट और आमजन को प्रेरणा भी देंगी। उल्लेखनीय है कि स्व. परशराम त्रिवेदी मेवाड़ प्रजामंडल के महासचिव थे। देहलीगेट पर हुए गोलीकांड में उनके पैर पर गोली लगी थी। इसी प्रकार रंग निवास पर अंग्रेजी हुकुमत के लाठीचार्ज में स्व. शांता त्रिवेदी को चोटें आई थी। उनको बॉम्बे अस्पताल में ले जाया गया। उपचार के दौरान डॉक्टर ने कहा कि वे अब कभी मां नहीं बन पाएगी। इसके बाद स्व. शांता त्रिवेदी ने संकल्प लिया कि वे बच्चों को गोद लेकर उनकी जिंदगी संवारेगी। दोनों दंपति ने उस समय ठान लिया था कि स्कूल एवं छात्रावास खोलकर बेटियों को पढ़ाने के साथ ही उनको पालने का काम करेंगे। इसी को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने 11 सितंबर 1947 को राजस्थान महिला परिषद की स्थापना की।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!