लेट अस हूप की ओर से हुआ हूपाथाॅन 4 का भव्य आयोजन

उदयपुर बना गवाह-फतहसागर झील किनारे बना हूपाथान 4 का नया वल्र्ड रिकॉर्ड
उदयपुर। फतहसागर झील के किनारे विश्व रिकॉर्ड धारक और प्रसिद्ध हुला हूप आर्टिस्ट मीनाक्षी भेरवानी के नेतृत्व में सैकड़ों बच्चों और बड़ों ने मिलकर हूपाथाॅन 4 में हिस्सा लिया। सुबह 6 बजे से 10 बजे तक चला यह आयोजन ऊर्जा, फिटनेस और उत्साह का अनोखा संगम बन गया।
इस आयोजन का नेतृत्व मीनाक्षी भेरवानी ने किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों में आत्मविश्वास व अनुशासन की भावना को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में बच्चों का जोश और उत्साह देखने लायक था। सभी प्रतिभागियों ने हुला हूप को लगातार घुमाते हुए लगभग 200 किलोमीटर तक की दूरी तय की और एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया।
फतहसागर पर घूमने आए स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने भी इस आयोजन में गहरी रुचि दिखाई। कई लोगों ने मौके पर ही हूपिंग आजमाई और बच्चों के साथ मिलकर हूपिंग का भरपूर आनंद लिया। पूरे माहौल में संगीत, हंसी और सकारात्मक ऊर्जा का ऐसा संगम देखने को मिला जिसने हर किसी को फिटनेस की ओर प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पूर्व खेल अधिकारी शकील, डी प्लस शानदार की संस्थापक श्रीमती रुकसाना, आरजे काव्य, और आरजे हिमांशु मौजूद थे।जिन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और लेट अस हूप टीम की इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर मीनाक्षी भेरवानी ने कहा कि हूपाथाॅन 4 सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक आंदोलन है। हर घर फिटनेस, हर दिल हूपनेस’। हमारा उद्देश्य है कि हर व्यक्ति दिन में कुछ समय खुद के स्वास्थ्य और खुशी के लिए निकाले। लेट अस हूप की इस पहल ने उदयपुर की फिटनेस संस्कृति को नई दिशा दी है और शहर के युवाओं व बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा जगाई है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!