जिला कलक्टर ने की डबोक एयरपोर्ट पर ट्रांसिट संबंधी तैयारियों की समीक्षा
उदयपुर, 23 सितम्बर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 सितम्बर को बांसवाड़ा जिले की यात्रा प्रस्तावित है। इस दौरान डबोक हवाईअड्डे पर उनकी ट्रांसिट यात्रा की सम्भावना को देखते हुए जिल प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला कलक्टर नमित मेहता ने पहले ही विभिन्न विभागीय अधिकारियों को कार्यभार सौंप दिए थे। मंगलवार को उन्होने सभी विभागों द्वार की गई तैयारियों की समीक्षा की। उन्होने अति विशिष्ट यात्रा को देखते हुए निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार सभी तैयारियां सुनिश्चित रखने एवं किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर जितेंद्र ओझा व दीपेंद्र सिंह राठौड़, यूडीए आयुक्त राहुल जैन, एएसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा, एसीईओ वीरमा राम, भींडर एसडीएम रमेश चंद्र माहेश्वरी, बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक सुरेश सोलंकी, सीआईडी डिप्टी डूंगर सिंह, सीएमएचओ डॉ शंकर बामणिया सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त
उदयपुर, 23 सितम्बर। आगामी 2 अक्टूबर को विजयदशमी पर्व पर माताजी प्रतिमा विसर्जन एवं दशहरा पर्व को दृष्टिगत रखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट नमित मेहता ने कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार तहसीलदार, उदयपुर विकास प्राधिकरण रणजीत सिंह को भण्डारी दर्शक मण्डप पर रावण दहन कार्यक्रम, तहसीलदार गिर्वा श्यामसिंह चारण को सुभाष चौक पर रावण दहन कार्यक्रम, तहसीलदार उदयपुर विकास प्राधिकरण अभिनव शर्मा को गोर्वधन सागर पाल, तहसीलदार बडगांव हितेश त्रिवेदी को चांदपोल, तहसीलदार घासा राधेश्याम जोशी को उदयसागर, नायब तहसीलदार कार्यालय उपखण्ड मजिस्ट्रेट गिर्वा जबरदान चारण को जोगीतालाब व नेलातालाब, नायब तहसीलदार बडगांव रमेश राजपुरोहित को गंगु कुण्ड, नायब तहसीलदार गिर्वा पुष्पेन्द्र को दूध तालाई के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। साथ ही सभी उपखण्ड मजिस्ट्रेट को अपने-अपने उपखण्ड क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय युवा दिवस पर मिलेगा प्रधानमंत्री से मिलने का मौका
विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग कार्यक्रम-2026 के प्रथम चरण की शुरुआत
उदयपुर, 23 सितम्बर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा माय भारत पोर्टल के माध्यम से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग कार्यक्रम के प्रथम चरण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में जिले के युवा बड़ी संख्या में भाग लेंगे। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने का अवसर मिलेगा।
जिला युवा अधिकारी उदयपुर शुभम पुर्बिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं से अपनी भूमिका निभाने की बात कही गई थी। इस विचार को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को विकसित भारत की भविष्य योजना बनाने का अवसर दिया जा रहा है। प्रतियोगिता एवं क्विज़ के माध्यम से युवा अपने विचार और इंटरैक्शन प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके लिए युवा मायभारत पोर्टल पर जाकर भाग ले सकते हैं।
चार-चरणीय प्रतियोगिता
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग कार्यक्रम चार चरणों में आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न युवा संगठनों, शिक्षण संस्थानों, एनजीओ, स्वयंसेवी संगठनों और स्वयंसेवकों को सम्मिलित किया जाएगा।
पहला चरण – विकसित भारत प्रतियोगिता के अंतर्गत माय भारत पोर्टल पर 1 सितम्बर से 15 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता के अंतर्गत भारत की उपलब्धियों, चुनौतियों एवं उनके समाधान, भारत की विकास यात्रा तथा विकसित भारत पर अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे।
दूसरा चरण – जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में चयनित युवाओं को 15 नवम्बर तक अवसर मिलेगा। इसमें चयनित 10 हजार युवाओं का जिला स्तरीय संवाद होगा।
तीसरा चरण – जिला स्तरीय प्रतियोगिता के बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें चयनित युवाओं को 15 दिसम्बर तक अवसर मिलेगा। इसमें चयनित युवाओं की संख्या 1000 होगी।
चौथा चरण – राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय युवा दिवस 12 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें चयनित टॉप 100 युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा।
आरसेटी की बैठक 26 को
उदयपुर, 19 सितम्बर। आईसीआईसीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की जिला स्तरीय समीक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक 26 सितम्बर को अपराह्न 3.30 बजे कलक्ट्रेट मिनी सभागार में जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में होगी। संयुक्त निदेशक अमर दीक्षित ने बताया कि बैठक में आरसेटी के माध्यम से संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में सभी संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहेंगे।
