अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा – मेवाड़ ने “क्षत्रिय प्रतिभा सम्मान 2025” में महिलाओं को “मीरा सम्मान” से भी किया सम्मानित

उदयपुर, राजस्थान – अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा – मेवाड़ द्वारा आयोजित “क्षत्रिय प्रतिभा सम्मान 2025” समारोह में महिलाओं को विशेष रूप से “मीरा सम्मान” से सम्मानित कर एक महत्वपूर्ण पहल की गई। यह सम्मान उन महिलाओं को दिया गया जिन्होंने समाज और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस आयोजन में कुल 21 श्रेणियों में मेवाड़ के महान विभूतियों के नाम पर सम्मान प्रदान किए गए।
समारोह में सम्मानित होने वाली श्रीमती रौनक चुण्डावत ने “मीरा सम्मान” को महिलाओं के सम्मान के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “यह सम्मान सिर्फ एक पुरस्कार नहीं, बल्कि नारी शक्ति का प्रतीक है। मीरा बाई की भक्ति, शक्ति और उनके प्रेरक जीवन को हर महिला को अपने जीवन में उतारना चाहिए। यह हमें समाज में अपनी पहचान बनाने और जीवन को सफल बनाने के लिए प्रेरित करता है।”
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा – मेवाड़ के पदाधिकारियों ने बताया कि “क्षत्रिय प्रतिभा सम्मान” का मुख्य उद्देश्य समाज के उन युवाओं और प्रतिभावान लोगों को प्रोत्साहित करना है, जिन्होंने शिक्षा, कला, खेल, समाज सेवा और अन्य क्षेत्रों में सराहनीय कार्य किए हैं। इस वर्ष “मीरा सम्मान” को शामिल करने का निर्णय महिलाओं की भागीदारी और उनके योगदान को पहचान देने के लिए लिया गया।
समारोह में समाज के गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित थे। सभी ने इस पहल की सराहना की और इसे एक सकारात्मक कदम बताया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया, ताकि समाज की प्रतिभाओं को एक मंच मिल सके और वे राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!