-सीसारमा गांव में हुआ निशुल्क सामुदायिक सिलाई केन्द्र का उदघाटन
उदयपुर। गिर्वा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सीसारमा में शाश्वत ट्रस्ट की निदेशक एडवोकेट वर्षा जोशी, सरपंच पायल गमेती एवं सामाजिक कार्यकर्ता मंजू चौबीसा ने निशुल्क सामुदायिक सिलाई केंद्र का उदघाटन किया। विशिष्ट अतिथि चौबीसा ने महिलाओं और युवतियों से आ”ान किया कि वे सिलाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बने। कई उदाहरण इस बात को साबित करते है कि केवल सिलाई मशीन ने कई परिवारों को आत्मनिर्भर कर सशक्त किया है। सरपंच पायल गमेती ने बताया कि शाश्वत ट्रस्ट का यह नवाचार ग्रामीण व गरीब महिलाओं के लिए लाभकारी होगा। जिन महिलाओं को सिलाई नहीं आती है या अप्रशिक्षित है, वे निशुल्क रूप से लाभ ले सकती है। शाश्वत ट्रस्ट की निदेशक एडवोकेट वर्षा जोशी ने बताया कि यह संस्था की अभिनव पहल हैं, शीघ्र ही ऐसे 20 केन्द्र और शुरू किए जाएंगे। संस्था का मूल उद्देश्य गरीब एवं निर्धन महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। यह आर्थिक सशक्तिकरण व स्व निर्भरता गरीब महिलाओं को स्वरोजगार को अवश्य प्रेरित करेगी। संस्था के अन्य प्रकल्पों के माध्यम से भी वंचित वर्ग को लाभ दिए जा रहे है। महिला अधिकारिता उपनिदेशक संजय जोशी ने महिलाओं को सशक्त होने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक होने व सामाजिक आर्थिक दृष्टि से मजबूत करने के लिए शिक्षा का योगदान बताया। महिलाएं किसी कारणवश पढ़ नहीं पाई, वे शिक्षा सेतु योजना में आवेदन कर अपनी पढ़ाई निरंतर रख सकती है। महिलाओं को रोजगार में मदद के लिए आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री नारी शक्ति उत्तम प्रोत्साहन योजना चलाई जा रही है, जिसमें अनुदान युक्त ऋण दिया जाता है। शाश्वत ट्रस्ट से सचिव यश्वी ने बताया कि निशुल्क सामुदायिक सिलाई केन्द्र गरीब ग्रामीण एवं विधवा महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने की प्राथमिकता के साथ संचालित की जाती है। चयनित क्षेत्रों-ग्राम पंचायत में सामूहिक उपयोग के लिए सिलाई मशीन का कोई भी परिवार इसका निशुल्क उपयोग कर सकता है। मशीन की देखभाल में लीडर दीदी एवं सामूहिक भागीदारी रहती है। इस अवसर पर सुपरवाइजर पूजा पाटीदार एवं लीडर दीदी वेदवन्ती नागदा ने भी विचार व्यक्त किए।
