पहलगाम हमले के शहीदों और सीमा पर तैनात जवानों को समर्पित रहेगा आयोजन
उदयपुर।शहर की लोकप्रिय सांस्कृतिक संस्था सुरों की मंडली की ओर से देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत एक विशेष संगीतमय संध्या का आयोजन किया जा रहा है। सुरों की मंडली के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि यह कार्यक्रम 25 मई को शाम 4 बजे से 8 बजे तक, अशोका पैलेस में आयोजित होगा। कार्यक्रम का संचालन उदयपुर के सुप्रसिद्ध संचालक कमल मेहता और चेतना जैन करेंगे, जिन्होंने कई कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुति से शहर को दीवाना बनाया है। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक, एनसीसी कैडेट्स, युवा कलाकार और शहर के नागरिकों की भागीदारी रहेगी। देशभक्ति गीतों, काव्यपाठ और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, बल्कि जवानों का हौसला भी बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम की घोषणा सदस्यों ने मंगलवार को आयोजित बैठक में की।
इस मौके पर संस्था के सभी प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए शहरवासियों को इसमें भाग लेने का आमंत्रित किया। यह आयोजन पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए देश के वीर नागरिकों की स्मृति में और भारत-पाक सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों की वीरता, शौर्य और बलिदान को समर्पित होगा। सुरों की मंडली के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति को जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि देश की सेना हर पल हमारी रक्षा करती है। वे विपरित परिस्थितियों में कर्तव्य पथ का पालन करते हुए, देश के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं। हम उन सभी वीरों को सुरों से सम्मान देंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवा पीढ़ी को देशभक्ति की भावना से जोड़ने, सैनिकों के सम्मान को जन-जन तक पहुँचाने और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने का कार्य करेगा।
सुप्रसिद्ध कार्यक्रम संचालक कमल प्रकाश मेहता ने बताया कि हर व्यक्ति अपने-अपने तरीके से देशसेवा कर सकता है। यह कार्यक्रम एक ऐसा प्रयास है, जिसमें कला के माध्यम से देशसेवा का भाव प्रकट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम व्यक्तिगत या विशेषकर न हो कर हर हिंदुस्तानी के दिल का साक्षी होगा। चेतना जैन ने बताया कि यह आयोजन खासकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। मैं सभी से आग्रह करती हूं कि इस आयोजन में परिवार सहित शामिल होकर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करें। कैलाश केवल्या ने बताया कि हमारे सैनिक दिन-रात देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। हम उनका आभार केवल शब्दों से नहीं, बल्कि अपने कर्म और संवेदनशीलता से जता सकते हैं। यह कार्यक्रम उसी भावना की अभिव्यक्ति है।
दिलीप जैन ने बताया कि संगीत आत्मा को छूता है, और जब उसमें देशभक्ति का रंग हो तो वह एक नई ऊर्जा देता है। हम चाहते हैं कि यह संध्या हर दिल में भारत के लिए प्रेम की भावना और भी बढ़ाए। मुकेश शर्मा ने बताया कि शहीदों के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। हम उनकी स्मृति में यह आयोजन कर रहे हैं। सुरों की मंडली की टीम ने उदयपुरवासियों से अपील की है कि वे इस देशभक्ति संध्या में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, और देश के लिए अपने प्रेम और श्रद्धा को गीतों व भावनाओं के माध्यम से प्रकट करें।
