सतीरामपुर में किराना दुकान में बड़ी चोरी, चोर 3 लाख का सामान और सीसीटीवी का डीवीआर लेकर फरार

डूंगरपुर, 27 मार्च :  सदर थाना क्षेत्र के सतीरामपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी को अंजाम दिया। चोर दुकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और पूरे सामान को इधर-उधर बिखेर दिया। चोरों ने करीब 3 लाख रुपये से अधिक का परचूनी सामान, जिसमें तेल के कार्टून, गुटखा, सिगरेट और अन्य महंगे उत्पाद शामिल हैं, चुराकर ले गए। यही नहीं, दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर को भी निकालकर साथ ले गए, ताकि उनके बारे में कोई सुराग न मिल सके। किराना व्यापारी जितेंद्र कलाल के अनुसार, बुधवार रात वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब उन्होंने दुकान खोली तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। पूरा सामान बिखरा पड़ा था, और महंगे उत्पाद गायब थे। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

चोरों ने पूरी तैयारी के साथ दिया वारदात को अंजाम : प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी योजना बनाई थी। उन्होंने दुकान के मुख्य दरवाजे से नहीं, बल्कि पीछे का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया, ताकि किसी को संदेह न हो। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को देखकर वे सतर्क हो गए और सबूत मिटाने के लिए डीवीआर भी अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि चोरों की संख्या एक से अधिक रही होगी और वे किसी वाहन के जरिए सामान लेकर फरार हुए होंगे। इस वारदात के बाद इलाके के व्यापारियों में डर का माहौल बन गया है। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और दुकानें सुरक्षित रखने के लिए विशेष उपाय करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही इस मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!