उदयपुर, 17 जनवरी। आगामी गणतंत्र दिवस-2025 (26 जनवरी) का राज्य स्तरीय समारोह उदयपुर संभाग मुख्यालय पर आयोजित होगा। इस समारोह के सफल आयोजन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा हेतु बैठक जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल की अध्यक्षता में शनिवार 18 जनवरी को प्रातः 11 बजे जिला परिषद सभागार उदयपुर में समीक्षा बैठक आयोजित होगी। जिला कलक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए है।
अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना में ऑनलाइन आवेदन की अवधि 31 तक बढ़ाई
उदयपुर, 17 जनवरी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से अंबेडकर डीबीटी वाउचर योजना में ऑनलाइन आवेदन की अवधि 31 जनवरी तक बढ़ा दी गई है। विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने बताया कि जिला मुख्यालयों पर संचालित समस्त स्नातक एवं स्नातकोत्तर (केवल शैक्षणिक पाठ्यक्रमों कला, विज्ञान, वाणिज्य संकाय हेतु) राजकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र जो घर से दूर रहकर अन्य स्थान पर कमरा किराये पर लेकर (पेइंग गेस्ट के रूप में) अध्ययन करते है, उन छात्रों हेतु आवास, भोजन एवं बिजली-पानी इत्यादि सुविधाओं हेतु पुनर्भरण राशि के रूप में अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना के अंतर्गत लाभ दिया जायेगा। योजनान्तर्गत लाभ एसटी, एससी, ओबीसी, एमबीसी, ईडब्ल्यूएस और अल्पसंख्यक के छात्र जो राजकीय महाविद्यालय की स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में नियमित रूप से अध्ययनरत छात्रों को देय होगा।
योजनान्तर्गत इच्छुक छात्र ई-मित्र व एसएसओ आईडी से जनाधार कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। आवेदन हेतु पात्रता व षर्तों का विवरण विभाग की वेबसाईट पर उपलब्ध है।
