जिला स्तरीय राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टर्स समिट 22 को
उदयपुर, 10 अक्टूबर। राजस्थान को देश का अग्रणी राज्य बनाने तथा रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी करने की मंशा से प्रदेश में निवेशकों को प्रोत्साहित करने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन होना है। राज्य स्तरीय समिट आगामी 9 से 11 दिसम्बर 2024 तक जयपुर में प्रस्तावित हैं, वहीं इससे पूर्व प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय राइजिंग राजस्थान समिट हो रही है। समिट को लेकर न केवल स्थानीय, अपितु देश भर और विदेशों से भी निवेशकों में अपार उत्साह है। राइजिंग राजस्थान समिट प्रदेश के साथ-साथ झीलों की नगरी उदयपुर में भी निवेश और रोजगार का बूम लेकर आएगी। उदयपुर जिले में जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल के प्रयासों से अब तक 120 निवेशकों ने 15 हजार करोड़ रूपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं।
खनन व पर्यटन में विशेष रुझान
पर्यटन की दृष्टि से विश्व के अग्रणी शहरों में शुमार उदयपुर जिले में तेजी से औद्योगिक विकास भी हो रहा है। राइजिंग राजस्थान समिट को लेकर देश-विदेश के इन्वेस्टर्स ने उदयपुर जिले में खनन और पर्यटन के क्षेत्र में निवेश को लेकर अधिक रुझान दिखाया है। इसके अलावा होटल-रिसार्ट, मिनरल सहित अन्य औद्योगिक इकाईयों को लेकर भी निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं।
15 हजार करोड़ के निवेश की संभावना
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र उदयपुर के महाप्रबंधक शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि राइजिंग राजस्थान समिट को जिला कलक्टर श्री अरविन्द पोसवाल के निर्देशन में इन्वेस्टर्स से संपर्क कर प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिला कलक्टर ने भी निवेशकों के साथ बैठक कर उदयपुर में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश प्रस्तावों को लेकर प्रोत्साहित किया। शर्मा ने बताया कि समिट के तहत प्रदेश और जिला स्तर दो प्लेटफार्म पर निवेश प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इसके तहत जिला स्तर पर अब तक 65 निवेशकों तथा प्रदेश स्तर पर 45 निवेशकों ने उदयपुर में निवेश के लिए रूचि दिखाते हुए कुल 15 हजार करोड़ रूपए के प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं। श्री शर्मा ने बताया कि उदयपुर में जिला स्तरीय राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टर्स समिट आगामी 22 अक्टूबर 2024 को होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित होगी। इसमें निवेश प्रस्ताव को लेकर एमओयू किए जाएंगे। शर्मा ने बताया कि समिट के तहत एमओयू करने वाले निवेशकों को संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर सरकार की योजनाओं का लाभ देते हुए हैण्ड होल्डिंग सपोर्ट प्रदान किया जाएगा। शर्मा ने बताया कि उदयपुर जिले में निवेश के इच्छुक उद्यमी अपने प्रस्ताव जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र उदयपुर कार्यालय के ई-मेल आईडी डीआईसीउदयपुर एड राजस्थान ऑट जीओवी डॉट इन पर प्रेषित कर सकते हैं अथवा व्यक्तिशः भी कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए भी जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र तथा उदयपुर रीको कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
विकास को लगेंगे पंख, रोजगार के बढ़ेंगे अवसर
राइजिंग राजस्थान समिट के तहत उदयपुर में सैकड़ों नई इकाईयां के लिए एमओयू होंगे। नई औद्योगिक इकाईयों की स्थापना से जिले में आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। वहीं हजारों स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी खुलेंगे।
उदयपुर, 10 अक्टूबर। पंजाब के राज्यपाल एवं चण्डीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाबचंद कटारिया शनिवार 12 अक्टूबर की सुबह 11ः20 बजे उदयपुर आएंगे। वे शाम को 6.30 बजे महाराणा भूपाल स्टेडियम में आयोजित विजयादशमी उत्सव में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। श्री कटारिया का रात्रि विश्राम उदयपुर में रहेगा। वे मंगलवार 15 अक्टूबर को होटल लेकेण्ड में आयोजित एक बैठक में शामिल होंगे। इसी दिन अपराह्न 3.20 बजे वायुयान से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
वर्षा जल संरक्षण के लिए मेवाड़ पॉलिटिक्स ग्रुप कर रही अनूठा कार्य
सूचना केन्द्र सहित जिले के 160 स्थानों पर लगाए निःशुल्क रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
फोटो संलग्न
उदयपुर, 10 अक्टूबर। जल ही जीवन है.. की धारणा के साथ वर्षा जल के संरक्षण और शुद्ध जल की उपलब्धता के लिए मेवाड़ पॉलिटिक्स ग्रुप कंपनी के श्री हस्तीमल बापना चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से जिले भर में प्रभावी कार्य किया जा रहा है। जल मित्र डॉ.पीसी जैन ने बताया कि कंपनी के सीएसआर फंड से शहर के सूचना केन्द्र सहित नगर व जिले के 160 स्कूलों, हॉस्टल्स, अस्पताल, पुलिस स्टेशन, जैन उपासरे, गुरुद्वारा, रेडियो स्टेशन आदि स्थानों पर रूफटॉप रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम निःशुल्क लगवाएं हैं। इसको लगाने से कई स्थान पर हैंडपंप ,ट्यूबवेल और कुओं का जलस्तर बढ़ गया है एवं जल की क्वालिटी में भी बहुत सुधार हुआ है विशेष कर जल का टीडीएस जो बहुत बढा हुआ था वर्षा जल के जाने से अब बहुत कम हो गया है।
कंपनी के निदेशक बीएच बापना एकमात्र व्यक्तित्व है जिन्होंने अपने सीएसआर फंड को इस पुण्य कार्य करके आने वाली पीढ़ियों तक के लिए भूमिगत प्याऊ बनवा दी है। इस कार्य में शहर के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा वाटर हीरो के रूप में सम्मानित जल मित्र डॉ.पीसी जैन भी पूरा सहयोग दे रहे है। ये सिस्टम लगाने का क्रम वर्ष भर जारी रहेगा।
बहुभाषायी आमुखीकरण प्रशिक्षण सम्पन्न
उदयपुर 10 अक्टूबर। जिला एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट की ओर से जिले के समस्त ब्लॉक से संदर्भ व्यक्तियों का एक दिवसीय बहुभाषायी आमुखीकरण प्रशिक्षण गुरुवार को सम्पन्न हुआ।
संस्थान के पाठ्यचर्या सामग्री विकास एवं मूल्यांकन (सीएमडीई) प्रभाग के प्रभागाध्यक्ष तेजपाल जैन ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के निर्देशों के तहत प्रारम्भिक वर्ष में बच्चों के सीखने में मातृभाषा एवं स्थानीय भाषा को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। इसी अनुरूप विद्यालयी गतिविधियों को संपादित करवाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण में उदयपुर एवं सलूंबर जिले के समस्त ब्लॉक से दो दो संदर्भ व्यक्तियों ने भाग लिया। इस अवसर पर डाइट प्रधानाचार्य चन्द्रशेखर जोशी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति में निहित उद्देश्यों की पूर्ति के लिए आयोजित इस कार्यक्रम को गंभीरता से लेने व स्थानीय भाषा का शब्दकोश तैयार करने के निर्देश दिए ताकि शिक्षकों को भी विद्यार्थियों को समझाने में सुविधा रह सके। प्रशिक्षण में खेरवाड़ा से कैलाश चंद्र व्यास, भींडर से मुनेश मीणा, लसाडिया से राजेंद्र मीणा, कुराबड़ से दिनेशपाल सिंह, गिर्वा से संध्या शर्मा, वल्लभनगर से ऊंकार लाल गोपावत, ऋषभदेव से शशिकांत डामोर, सलूंबर से महेंद्र जैन, झाड़ोल से रेखा मेहता आदि ने खुली चर्चा में हिस्सा लिया।
35वां विशाल पंचकर्म चिकित्सा शिविर 14 से
उदयपुर, 10 अक्टूबर। आरोग्य समिति राजकीय आदर्श आयुर्वेद औषधालय में 14 से 18 अक्टूबर तक प्रातः 9 बजे से 3 बजे तक 35वें विशाल निःशुल्क आयुर्वेद पंचकर्म चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रभारी वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. शोभालाल औदीच्य ने बताया कि इस शिविर में जटिल और जीर्ण रोगों का उपचार आयुर्वेदिक पद्धतियों से किया जायेगा। शिविर के लिए औषधालय समय में पंजीयन करा सकते है।
राष्ट्रीय निगम ऑनलाइन पोर्टल पर ऋण आवेदन शुरू
उदयपुर, 10 अक्टूबर। राष्ट्रीय निगम ऑनलाइन पोर्टल पर वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिये विभिन्न योजनाओं में ऋण आवेदन शुरू हो चुके है। अनुजा निगम के परियोजना प्रबंधक मान्धाता सिंह ने बताया कि राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा राष्ट्रीय अनुसूचित जाति, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग एवं राष्ट्रीय दिव्यांग वित्त एवं विकास निगम की योजनाओं के तहत आवेदन किये जा सकेंगे।
प्रबंधक ने बताया कि आवेदन की पात्रता के अनुसार आवेदक राजस्थान का मूल निवासी होना आवश्यक है। अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अनुसूचित जनजाति के आवेदक के लिये वार्षिक आय 3 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिये। सफाई कर्मचारी एवं दिव्यांगजन के लिये आय सीमा की बाध्यता नही है। योजनान्तर्गत लघु व्यवसाय शहरी एवं ग्रामीण, महिला समृद्धि योजना शिक्षा ऋण योजना, डेयरी, जीप, ऑटो रिक्शा ई रिक्शा इत्यादि के लिये आवेदन किये जा सकेंगे। प्रार्थी अपनी एसएसओ आईडी से या ई मित्र पर ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। आवेदन के साथ जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र एवं किसी ऋणदात्री संस्था का ऋणी नहीं होने की स्वघोषणा स्कैन करके साथ में अपलोड करनी होगी।
महासीर संरक्षण व ईको टूरिज्म पर कार्यशाला आज
उदयपुर, 10 अक्टूबर। पर्यावरण संरक्षण एवं ईको टूरिज्म के क्षेत्र में कार्यरत ग्रीन पीपल सोसायटी के तत्वावधान में महासीर मछली के संरक्षण एवं ईको टूरिज्म विषय पर कार्यशाला 11 अक्टूबर की सुबह 11 बजे वन भवन के सभागार में आयोजित होगी। सोसायटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर ने बताया कि कार्यशाला में मुख्य वक्ता गोल्डन महासीर ब्रीडिंग सेंटर नामेरी के निदेशक एवं विशेषज्ञ प्रो. अतुल बोरगोहेन होंगे। इस अवसर पर विभिन्न विषय विशेषज्ञ एवं पर्यावरणविद् संबंधित विषय पर चर्चा करेंगे।
