जिले में सरपंच-वार्ड पंच के रिक्त पदों के लिए उपचुनाव 30 को

पंचायत उप चुनाव 2024
उदयपुर, 26 जून। पंचायत उप चुनाव 2024 के तहत जिले में रिक्त पदों के लिए उपचुनाव निर्धारित मतदान केन्द्रों पर 30 जून को सम्पन्न होंगे। उपचुनाव के मतदान दल 29 जून को जिला मुख्यालय से प्रस्थान कर संबंधित मतदान केन्द्र पर पहुंचेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अरविंद पोसवाल ने एक आदेश जारी कर बूथ स्तर पर जिम्मेदार अधिकारी यथा संबंधित बीएलओ, संस्था प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी को इन मतदान दलों के कार्मिकों के लिए मतदान केन्द्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। वहीं संबंधित उपखण्ड अधिकारी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकास अधिकारी को पर्यवेक्षण का दायित्व सौंपा है।
इन पदों के लिए होंगे उपचुनावः
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में उपचुनाव के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भीण्डर पंचायत समिति की कुण्डई ग्राम पंचायत में सरपंच, बग्गड़ के वार्ड 8 में वार्डपंच व केदारिया में वार्ड 5 में वार्डपंच, पंचायत समिति बड़गांव की ग्राम पंचायत बेदला में वार्ड संख्या 5 में वार्डपंच तथा खेरवाड़ा पंचायत समिति की कातरवास व ढीकवास में सरपंच पद के लिए उपचुनाव 30 जून को होगा।

सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान
रविवार को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

उदयपुर, 26 जून। चिकित्सा विभाग द्वारा सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 30 जून से चलाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शंकर एच बामनिया ने बताया कि 30 जून को 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को बूथों पर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। अगले दो दिनों तक दवा पीने से वंचित रह गए बच्चों को घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी। अभियान के तहत जिले में 414305 बच्चों को पोलियो दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!