बिजली-पानी व चिकित्सा व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक
उदयपुर, 25 मई। प्रदेश में चल रहे भीषण गर्मी के चलते आमजन और जीव मात्र को हो रही परेशानियों को लेकर सरकार और प्रशासन पूरी तरह से संवेदनशील हैं। सरकार और उच्चाधिकारियों के निर्देशन में प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। मुख्य सचिव स्तर से लगातार वीडियो कांफ्रेन्स के माध्यम से समीक्षा बैठक लेकर व्यवस्थाओं की मोनिटरिंग की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को मुख्य सचिव सुधांश पंत ने वीसी के माध्यम से सभी जिलों में बिजली-पानी और चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्री पंत ने कहा कि संभागीय आयुक्त एवं जिला कलक्टर्स अपने क्षेत्र में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर से बेहतर प्रबंधन करते हुए आमजन को राहत प्रदान करें। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी से मनुष्य के साथ-साथ जीव मात्र को परेशानी होती है। इसलिए पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशील रहते हुए उनके लिए भी पेयजल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। जिलों में पेयजल प्रबंधन, निर्बाध बिजली आपूर्ति, मेडिकल सुविधा आदि को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए। साथ ही सभी चिकित्सा संस्थानों में पेयजल, कूलर-पंखों, जरूरी दवाओं आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी हिदायत दी। वीसी में ऊर्जा विभाग, पीएचईडी, मेडिकल के उच्चाधिकारियों ने विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्य सचिव ने राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की।
वीसी में जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल, एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह, एडीएम सिटी राजीव द्विवेदी, एसडीएम गिर्वा रिया डाबी, उप वन संरक्षक मुकेश सैनी, अजय चित्तौड़ा, उप वन संरक्षक वन्यजीव डीके तिवारी, एसई अजमेर डिस्कॉम भवानीशंकर शर्मा, पीएचईडी अधिशासी अभियंता ललित नागौरी, सीएमएचओ डॉ शंकर बामणिया सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आमजन को पहुंचाएं राहत : मुख्य सचिव
