पेंशन प्रकरणों का समय पर हो निस्तारण

जिला पेंशन प्रकरण निस्तारण समिति की बैठक
उदयपुर, 27 फरवरी। जिला पेंशन प्रकरण निस्तारण समिति की बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल के निर्देशन में कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में हुई। इसमें विभिन्न विभागों के लंबित पेंशन प्रकरणों पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कोषाधिकारी महेंद्र सिंह सिमार ने विभागवार पेंशन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से उनके विभाग के लंबित पेंशन प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली। साथ ही लंबित होने के कारणों तथा प्रकरण निस्तारण को लेकर की गई कार्यवाही पर चर्चा की। जिला कलक्टर के आदेशानुसार सभी अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निस्तारण करते हुए संबंधित कार्मिकों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग उपनिदेशक संजय जोशी, सीडीपीओ विजयराज मीणा, जल संसाधन विभाग अधिशासी अभियंता शिवपाल सिंह, पेंशन विभाग से रविप्रकाश, अतिरिक्त जिला शिक्षाधिकारी डॉ प्रभंजना गोगना, श्रम निरीक्षक मदालसा जादावत, एमबी हॉस्पीटल से डॉ संजीव टांक, सहायक लेखाधिकारी नरेश देवपुरा आदि उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय अहिंसा एवं कौमी एकता सम्मेलन 29 फरवरी को,
तैयारियों को लेकर जिला परिषद में हुई बैठक

उदयपुर, 27 फरवरी। शांति एवं अहिंसा निदेशालय के निर्देशानुसार सौ दिवसीय कार्ययोजना अंतर्गत जिला स्तरीय अहिंसा एवं कौमी एकता सम्मेलन का आयोजन गुरुवार, 29 फरवरी को सुखाड़िया रंगमंच, नगर निगम उदयपुर में होगा, इसे लेकर मंगलवार को जिला कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल के निर्देशानुसार अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंजुम ताहिर सम्मा की अध्यक्षता में जिला परिषद में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में विभिन्न विभागों की सहभागिता एवं सम्मेलन के दौरान होने वाली गतिविधियों को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सम्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथि आमंत्रण, पंजीकरण, भोजन एवं अल्पाहार व्यवस्था, बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सामान्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से चर्चा की एवं संबंधित अधिकारियों को इस आयोजन को सफल बनाने की दृष्टि से पुख्ता तैयारियां करने के  निर्देश प्रदान किये। बैठक में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) मुरलीधर चौबीसा, अतिरिक्त विकास अधिकारी जिला परिषद लोकेश वैष्णव, नगर निगम से जगदीश सोलंकी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

विश्वकर्मा कामगार कल्याण योजना में आवेदन आमंत्रित
टूलकिट क्रय करने पर मिलेगी अधिकतम 5000 रुपये तक की सहायता

उदयपुर, 27 फरवरी। विश्वकर्मा कामगार कल्याण योजना के तहत दस्तकारों, शिल्पकारों व दस्तकारों को टूल किट क्रय करने पर सहायता राशि उपलब्ध कराने हेतु आवेदन आमंत्रित किये गये है।
जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि योजनान्तर्गत 18 से 40 वर्ष के हस्तशिल्प, दस्तकार व कामगार जिनका जन आधार बना हुआ है व जिनके पास उद्योग विभाग, विकास आयुक्त, हस्तशिल्प (भारत सरकार) का वैध पहचान पत्र है एवं जिनकी वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम हैं, वे इस योजना में राज्य सरकार के एसएसओ पोर्टल के माध्यम से योजना (हस्तशिल्प) के आइकन पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजनान्तर्गत जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र द्वारा पात्रता की जाँच उपरांत पात्र आवेदक द्वारा टूल किट क्रय कर बिल पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा। इसकी मूल प्रति आवेदक द्वारा पुनर्भरण से पूर्व जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र में प्रस्तुत करनी होगी।

हस्तशिल्पियों-दस्तकारों से पहचान पत्र बनाने के लिए आवेदन आमंत्रित
उदयपुर, 27 फरवरी। जिले के हाथ से कार्य करने वाले दस्तकारों व हस्तशिल्पियों के पहचान पत्र बनाने के लिए आवेदन आमंत्रित किये गये है। जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि इच्छुक हस्तषिल्पी व दस्तकार अपना पहचान पत्र बनाने के लिए एसएसओ डॉट राजस्थान डॉट जीओवी डॉट इन पर आर्टिजन रजिस्ट्रेशन आइकन पर आवेदन कर सकते है।
शर्मा ने बताया कि आवेदन पत्र में आवेदक को अपना फोटो, क्राफ्ट का फोटो एवं अपने हस्ताक्षर अपलोड करना है। साथ ही आवेदन पत्र में आवेदक की बैंक डिटेल सबमिट करनी होगी। उन्होंने बताया कि वुडन, टैक्सटाइल पेंटिंग, लेदरक्राफ्ट, आर्ट ज्वेलरी, मेटल क्राफ्ट, कॉरपेट दरी, कांच का कार्य, लाख, लेदरकार्य, मेटल कार्य, प्रिंटिंग, रजाई कार्य, समुद्री झाग, स्टोन कार्विंग टेराकोटा कार्य, खिलौने एवं लकड़ी का कार्य करने वालों के निःशुल्क पहचान पत्र बनाए जा रहे हैं। पहचान पत्र बनने से हस्तशिल्पी विभिन्न मेलों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं में लाभ प्राप्त कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मादड़ी इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र अथवा दूरभाष नंबर 0294-2490941 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिला स्तरीय पड़ोस युवा संसद का आयोजन
उदयपुर, 27 फरवरी। नेहुरू युवा केन्द्र उदयपुर और पेसिफिक युनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को जिला स्तरीय पड़ोस युवा संसद का आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पाहेर यूनिवर्सिटी  प्रेसिडेंट  प्रो.के.के.दवे  और अध्यक्ष पेसिफिक साइंस कॉलेज के डीन प्रो.रामेश्वर आमेटा व विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद् डॉं खेल शंकर व्यास डॉ. कपिलेश तिवारी एवं डॉ. पुष्पा मेहडू थे। अतिथियों ने युवाओं को राष्ट्र हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। जिला युवा अधिकारी शुभम पूर्बिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में वक्ता डॉ.गरिमा ने नारी सशक्तिकरण व  प्रो. रामेश्वर आमेटा ने चंद्रयान के बारे में जानकारी दी। प्रो.एस.आर.मालु ने मोटे अनाज को खाद्यान्न के रूप में अपनाने की बात कही। प्रतिभागियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। संचालन श्रीमती जयश्री मडोवरा एवं कविता सागर ने किया। आभार गोपाल वैष्णव ने जताया।

आरजीएचएस योजना में दवा बिक्री की हुई व्यवस्था
निजी दवा विक्रेता बंद होने पर भण्डार के सहकारी दवा घरों पर उपलब्ध रहेंगी दवाइयां

उदयपुर 27 फरवरी। आरजीएचएस योजना में निजी दवा विक्रेताओं की दो दिन बिक्री बंद होने की स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा उपभोक्ता थोक भण्डार के सहकारी दवा घरों पर दवाइयां उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
उपभोक्ता थोक भंडार के महाप्रबंधक राजकुमार खांडिया ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से सरकारी कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के इलाज व कैशलेस दवा उपलब्धता के लिये चलाई जा रही राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) स्कीम में अनुबंधित निजी दवा विक्रेताओं द्वारा दो दिन दवाइयों की बिक्री बंद रखने की घोषणा अंतर्गत उदयपुर सहकारी उपभोक्ता थोक भण्डार द्वारा संचालित 31 सहकारी दवा घर पर सभी प्रकार की दवाइयां पेंशनर्स/सरकारी कर्मचारियों के लिये सदैव उपलब्ध रहेगी।
महाप्रबंधक खांडिया ने बताया कि भण्डार द्वारा अनवरत रूप से सरकारी कर्मचारी, पेंशनर्स एवं आम उपभोक्ताओं को दवाइयां उपलब्ध करवाता आ रहा है वर्तमान में आरजीएचएस स्कीम मे आने वाले सभी कर्मचारियों की सुविधा हेतु महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर सहकारी दवाघर संचालित है जहा से सुगमता से सभी प्रकार की दवाईयॉ प्राप्त की जा सकेगी।
–000–

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!