बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम मशीन काटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

कर्जा चुकाने के लिए काटा एटीएम मशीन, सायरन बजने से नहीं निकाल पाए रुपए
उदयपुर, 15 फरवरी (ब्यूरो): शहर के कानपुर क्षेत्र में बिना गार्ड के एटीएम मशीन को काटकर रुपए निकालने के प्रयास के मामले में प्रतापनगर थाना पुलिस ने प्रतापगढ के जंगलों से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन युवकों ने एटीएम मशीन काट ली थी लेकिन रुपए निकालते उससे पहले सायरन बज उठा और वह भाग निकले। तीनों युवक कानपुर के आसपास ही मजदूरी करते थे और कर्जा चुकाने के लिए उन्होंने एटीएम मशीन काटकर रुपए लूटने की साजिश रची थी।
पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने बताया कि 7 फरवरी की रात ढाई बजे से साढ़े चार बजे के बीच एटीएम मशीन काटकर लूट की कोशिश की गई। लुटेरों में राजू मीणा, शंकर मीणा और रामा मीणा शामिल हैं। उन्होंने मशीन को काटने के लिए पहले से सामान एकत्रित कर रखा था। एटीएम मशीन काटने से पहले कुछ दिनों तक तीनों ने रैकी की और बिना गार्ड वाला कानपुर गांव का एटीएम को चुना। इस घटना की शिकायत बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध्क राजीव भट्टा ने दर्ज कराई थी। पुलिस ने एटीएम मशीन रूम में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश की। तभी पता चलाकि इस तरह युवक प्रतापगढ़ जिले के धरियावद क्षेत्र के जंगल में देखे गए। जिस पर पुलिस उनके पास पहुंची और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों ही युवक प्रतापगढ़़ जिले के चौतराफला सिहाड के रहने वाले हैं। पुलिस पूछताछ में उन्होंने बताया कि कर्जे से परेशान होकर उन्होंने एटीएम मशीन से रुपए लूट की साजिश रची। एटीएम मशीन काटने के लिए उन्होंने कुछ सामान चुराया तथा कुछ खरीदकर लाए। जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि वह एटीएम मशीन काटने में सफल रहे और रुपए की सेफ तक पहंचने वाले थे, तभी सायरन बज उठा था। पकड़े जाने से डर से वह भाग निकले।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!