बोले: आकाओं को पैसा खिलाकर बरसों से जमे बैठे हैं उदयपुर, जेइएन से एसई तक यहीं बने
उदयपुर, 23 दिसम्बर(ब्यूरो): उदयपुर शहर से नवनिर्वाचित विधायक ताराचंद जैन शनिवार को आयड़ नदी का दौरा करने पहुंचे। नदी की दुर्दशा देखकर अधिकारियों पर जमकर भड़के। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को जमकर खरी—खोटी सुनाई और यहां तक कह डाला कि वह अपने आकाओं को पैसा खिलाकर बरसों से उदयपुर में जमकर बैठे हैं। कुछ समय इधर—उधर बैठ जाते हैं और फिर से पुरानी कुर्सी पर आकर जम जाते हैं।
विधायक जैन ने यहां तक कहा कि कई अधिकारी तो यहीं जेईएन नियुक्त हुए और एईएन, एक्सईएन के बाद पदोन्नत होकर एसई भी बन गए लेकिन उदयपुर नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि उदयपुर की पहचान आयड़ नदी को लापरवाह अधिकारियों ने गंदे नाले में तब्दील कर दिया। उपर से इस पर इतने प्रयोग कर डाले कि उसका मूल स्वरूप इतिहास का हिस्सा बन गया। आयड़ नदी को बेनिस बनाने के नाम पर करोड़ों रुपए पानी की तरह बहाए लेकिन नदी का वजूद ही मिटाने में जुट गए। विधायक जैन बोले कि इस संबंध में वह महापौर जीएस टांक से बात करेंगे तथा उन्हें पूरी स्थिति बताकर इस मामले में कड़ी कार्रवाई के लिए कहेंगे। विधायक के साथ पूर्व पार्षद नानालाल बया, भूपेंद्र जैन, पार्षद पूनम चंद मोर, मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ शर्मा, प्रेम ओबरवाल, ललित तलेसरा, महेश भावसरा सहित सभी क्षेत्रवासी मौजूद थे।
नदी की स्थिति बदतर कर दी
विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि उन्होंने आयड़ नदी का दौरा किया और उसमें चल रहे निर्माण कार्यों को देखा। नदी के ऐसे हालात कर दिए वह बदतर हो गई। उन्होंने नदी पेटे में कराए जा रहे निर्माण को गलत बताया। उन्होंने नदी के 25 फीट छोटे किए जाने पर सवाल भी उठाए तथा इस संबंध में तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटाकर नदी को फिर से चौड़ा करने को कहा। उन्होंने एक इंजीनियर की तरफ इशारा करते हुए यह भी कहा कि यह सब इनकी मिलीभगत से हुआ है।
कलेक्टर मौके पर आए, नदी पर अतिक्रमण हटाने का काम शुरू
विधायक के दौरे की सूचना पर जिला कलेक्टर अरविन्द पोसवाल भी मौके पर आए। उनके निर्देश पर नदी पर किए गए अतिक्रमण को हटाने का काम भी शुरू कर दिया गया। विधायक ने कलेक्टर को दिखाया कि पूर्व में आयड़ नदी को जहां तक चिन्हित किया था, उससे आगे तक निर्माण कर दिए गए। उन्होंने कहा, अतिक्रमण करने वाला भले ही उनका सगा भाई भी क्यों ना हो, तत्काल प्रभाव से कार्रवाई होनी चाहिए।
आयड़ नदी में अतिक्रमण देखकर भड़के विधायक जैन
