उदयपुर। नाथद्वारा मार्ग पर चीरवा टनल के पास शनिवार को एक कार ट्रोले से जा भिड़ी। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह पिचक गई। जिसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे का है। तब किसी विवाह समारोह में साउंड सिस्टम का काम करके दो युवक कार के जरिए नाथद्वारा से उदयपुर की ओर लौट रहे थे। चीरवा टनल के पहले ही उनकी कार सामने चल रहे ट्रोले में जा घुसी। हादसे में सवीना निवासी आवेश कुरैशी तथा उसके मित्र मोहम्मद अख्तर की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर सुखेर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों युवको को बाहर निकाला। बताया जा रहा था कि जब उन्हें कार से बाहर निकाला तब संभवत: उनकी सांस चल रही थी लेकिन जब अस्पताल में जांच की गई तो बताया कि उनकी मौत पहले ही हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों के शव एमबी अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाए। जहां परिजनों के आने के बाद दोनों शवों के पोस्टमार्टम कराए गए। पुलिस का कहना है कि ट्रोल सड़क की एक ओर खड़ा पाया गया। पुलिस अब पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय ट्रोला सड़क की साइड में खड़ा था या उसका चालक उसे साइड में खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस का मानना है कि विवाह समारोह में युवक पूरी रात जागे थे और संभवत: नींद की झपकी आने से उनकी कार आग चल रहे ट्रोले से टकरा गई होगी।
फोटो कैप्शन ..उदयपुर में चीरवा टनल से पहले हुए हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार।
फोटो कैप्शन ..उदयपुर में चीरवा टनल से पहले हुए हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार।
