उदयपुर कन्हैयालाल के दोनों बेटों ने सुरक्षा के बीच किया मतदान,बोले सरकार किसी की भी बने पिता को दिलाएं जल्दी न्याय
उदयपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव प्रचार में कन्हैयालाल हत्याकांड सुखिर्यों में रहा। भाजपा और कांग्रेस की चुनावी सभाओं में इसकी चर्चा रही और दोनों ही पार्टियों ने एक—दूसरे पर जमकर आरोप—प्रत्यारोप लगाए। मतदान के दिन शनिवार को कन्हैयालाल के घर अलग ही तस्वीर थी। दोनों बेटै यश और तरूण गोवर्धनविलास स्थित सरकारी स्कूल में पुलिस सुरक्षा के बीच मतदान करने पहुंचे। मताधिकार करने के बाद दोनों भाइयों ने साथ ही फोटो खिंचाए और सब लोगों से मतदान की अपील की। यश और तरूण दोनों ने पहली बार मतदान किया। यश नंगे पांव ही मतदान करने पहुंचा। जिसका कहना था कि जब तक उसके पिता के हत्यारों को फांसी नहीं हो जाती, तब तक वह ना तो पांवों में चप्पल पहनेगा और ना ही बाल कटाएगा। दोनों भाइयोें ने यह भी किया कि विधानसभा चुनाव में उनके पिता की जघन्य हत्या को सियासी मुद्दा बनाया गया लेकिन हम अब भी न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं। हम चाहते हैं कि राजस्थान में जिस किसी पार्टी सरकार बने, वह उनके पिता को न्याय दिलाए। गौरतलब है कि कन्हैयालाल की डेढ़ साल पहले जघन्य तरीके से हत्या कर दी थी। हत्यारों ने लाइव वारदात की वीडियो ही नहीं बनाई बल्कि उसे वायरल भी किया था।
