उदयपुर, 22 नवंबर। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत पंचायत समिति बड़गाँव में स्वीप कार्यक्रम अंतर्गत दुपहिया वाहन रैली निकाली गई। रैली में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न स्वीप के नारों की तख्तियां के माध्यम से मतदान अवश्य करने का संदेश दिया गया। रैली पंचायत समिति बड़गाँव से ग्राम पंचायत कविता तक निकाली गयी। रैली में विकास अधिकारी रामजी लाल वर्मा, अतिरिक्त विकास अधिकारी सुरेश चंद्र खटीक व पंचायत समिति व ग्राम पंचायत के अधिकारी व कर्मचारियों ने भाग लिया। वहीं दूसरी ओर इसी टीम द्वारा ग्राम पंचायत बेदला खुर्द, सापेटिया, भुवाणा व शौभागपुरा में बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों के साथ मतदाताओं को पीले चावल वितरित किये गए व मतदाताओं को मतदान दिवस पर मतदान केंद्र पर मतदान करने का न्यौता दिया।
पतंग निर्माण व रंगोली से मतदान का संदेश
उदयपुर, 22 नवम्बर। विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए विभिन्न संस्थानों और कलाधर्मियों की ओर से भी मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विविध आयोजन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को संस्कृत स्तोत्र एवं प्रशिक्षण केंद्र उदयपुर के डॉक्टर चित्रसेन एवं नीलोफर मुनीर द्वारा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय भोपालपुरा में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय की बालिकाओं ने पतंग निर्माण व रंगोली निर्माण के द्वारा मतदान करने का संदेश दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रीति शर्मा ने बालिकाओं को प्रोत्साहित किया।
कानूनी जागरूकता शिविर
उदयपुर, 22 नवम्बर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के अध्यक्ष के निर्देशन में प्राधिकरण सचिव एवं एडीजे कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में पेसिफिक लॉ कॉलेज में कानूनी जागरूकता शिविर हुआ।
कार्यक्रम में श्री शर्मा ने बाल विवाह रोको अभियान, बाल श्रम रोको अभियान, हरित न्याय अभियान, नशामुक्ति अभियान, एल.ए.डी.सी.एस, विशेष योग्यजन हेतु चलाए गए अभियान के बारे में महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी प्रदान की। पैसिफिक ग्रुप ऑफ युनिवर्सिटी के अध्यक्ष प्रोफेसर बी. पी. शर्मा, पाहेर, डॉ अनिला चौधरी, श्रीमती पुष्पा मेहडू प्रिन्सिपल पैसिफिक स्कूल ऑफ लॉ मंचासीन रहे। सचिव श्री शर्मा ने बताया कि आगामी 9 दिसम्बर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी विधि विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए वीडियो कांफ्रेन्सएवं अन्य माध्यमों से भी न्यायिक अधिकारीगण के साथ बैठकों का आयोजन भी किया जा रहा है। केन्द्रीय कारागृह उदयपुर में भी विजिट करते हुए ऐसे बंदीगण की सूची तैयार की गई जो राजीनामा योग्य अपराधों में केन्द्रीय कारागृह उदयपुर में निरूद्ध है। ऐसे बंदीगण जो समय पूर्व रिहाई के पात्र है उनकी भी जानकारी ली गई।
94 लोकेशन पर माइक्रो आब्जर्वर नियुक्त
उदयपुर, 22 नवम्बर। विधानसभा आम चुनाव- 2023 को सुचारू रूप से संपोदित कराने के लिए 94 लोकेशन्स पर माइक्रो आब्जर्वर्स नियुक्त किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में कुछ स्थलों पर सूचनाओं के आदान-प्रदान में तकनीकी कारणों से व्यवधान की संभावना के मद्देनजर 94 लोकेशन पर माइक्रो आर्ब्जवर्स नियुक्त किए गए हैं। इसमें गोगुन्दा में 31, झाडोल में 27, खेरवाड़ा में 8, उदयपुर ग्रामीण में 12, उदयपुर में 2, मावली में एक, वल्लभनगर में 5 तथा सलूम्बर विधानसभा क्षेत्र में 8 लोकेशन पर माइक्रो आब्जर्वर्स लगाए हैं। उक्त माइक्रो आब्जर्वर्स 107 पोलिंग बूथ की सूचनाओं के आदान प्रदान का कार्य देखेंगे।
