जनता से यह भी कहा : धर्म पर वोट देकर अपनी आदत बिगाड़ी, नेता बहुत चालाक होता है काम की बात न करो तो आलसी बन जाता है
-सुभाष शर्मा
उदयपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ तथा आदिवासी जिले डूंगरपुर के सागवाड़ा में जनसभाओं को संबोधित किया। उस दौरान उन्होंने जनता को सीख दी कि वह अर्जुन की तरह विकास के लक्ष्य को निर्धारित करें और अपना हक मांगे। उन्होंने कहा, धर्म पर वोट देकर अपनी आदत बिगाड़ ली है। जबकि नेता बहुत चालाक होता है काम की बात न करो तो आलसी बन जाता है। उन्हें इन दोनों बातों को ध्यान में रखना है।
प्रियंका गांधी ने चित्तौड़गढ़ के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित जनसभा में कहा,विकास कभी रूकता नही है और प्रदेश सही दिशा में चल रहा है। इसलिए परम्परा को पलटो और पुनः राजस्थान में कांग्रेस को बहुमत देकर सरकार बनाने का संकल्प लो।
घणों घणों राम राम सा
कांग्रेस महासचिव एवं स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने पहली बार चित्तौड़गढ़ में सभा को संबोधित किया। लगभग आधे घण्टे के संबोधन में प्रियंका ने मेवाड़ी में अपने संबोधन की शुरुआत कर वीर प्रसूता धरती को नमन करते हुए भाजपा पर जमकर कटाक्ष किए। उन्होंने मध्यप्रदेश व उत्तर प्रदेश से राजस्थान की तुलना करते हुए कहा कि 1 करोड़ 80 लाख लोगों ने राजस्थान सरकार की दस गारंटियों का लाभ दिया है।
हम सब धार्मिक
प्रियंका गांधी ने कहा कि हम सबके दिल में धर्म व आस्था रची बसी है। धर्म हमेशा ही भाईचारा व अच्छी बातें ही सिखाता है। उन्होंने कहा, भाजपाई धर्म की बातें सिर्फ स्वार्थ के लिए ही करते हैं। यह ऐसी राजनीति है, जो आपका ध्यान भटकाना चाहती है। सब जानते हैं कि धर्म बात करेंगे तो आपके जज्बात उभरेंगे। सोचो, वह इंसान धर्म की बात चुनाव के समय क्यों कर रहा है? नेता चालाक होता है। किसी भी नेता को इतनी छूट नहीं दे दो कि वह आलसी हो जाए।
प्रदेश सही दिशा में अग्रसर
प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस धरती पर एवं देश पर हम सभी को गर्व है इसलिए अपने अधिकारों को समझो। मैं आपसे आपकी जागरूकता मांगने आई हूं। सरकार को जवाबदेही बनाकर विकास, प्रगति, तरक्की व अपना हक मांगों।
दूरबीन से सीएम चेहरा ढूंढ रहे हैं
डायरी का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा वाले नीली पीली डायरी को नही ढूंढ रहे हैं बल्कि उसके बहाने मुख्यमंत्री के चेहरे को तलाश रहे हैं। वह विकास की बात नहीं करते। कभी लाल, कभी पीली तो नीली डायरी की बात करते हैं। प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के दूरबीन वाले फोटो पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे जंगल में मोर ही नहीं, बल्कि दूरबीन से राजस्थान में सीएम का चेहरा भी तलाश लें। राजस्थान में अपने नाम से ऐसे वोट मांग रहे हैं, जैसे उन्हें सीएम बनना है।
पहली बार चित्तौड़ आईं प्रियंका गांधी
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को पहली बार चित्तौड़गढ़ आई। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू 1955 में, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 1979, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी 1988 में तथा कांग्रेस की तत्कालीन राश्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी 1998 चित्तौड़गढ़ में सभा को संबोधित कर चुके हैं। गत चुनाव में राहुल गांधी भी चित्तौड़गढ़ में सभा को संबोधित कर चुके हैं।
दादी ने सिखाया गायत्री मंत्र
प्रियंका गांधी बोली, उनकी दादी ने उन्हें बचपन में गायत्री मंत्र सिखाया था। बताया था कि गायत्री माता हमारी संस्कृति की रक्षा करती हैं। हमारी दादी कहा करती थीं कि हमें सभी धर्मों का आदर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी दादी इंदिराजी के मन में देश की सेवा की भावना थी, तभी तो चालीस साल पहले दुनिया से चले जाने के बाद भी जनता उन्हें जनता याद करती है। विशेषकर आदिवासियों के मन में इंदिराजी के प्रति गहरी आस्था है।
भाजपा केवल घोषणा करती है
प्रियंका गांधी ने जनसभाओं में कहा कि भाजपा केवल घोषणाएं करती है। मध्यप्रदेश में भाजपा ने बड़ी संख्या में स्कूल बंद कर दिए। जबकि राजस्थान सरकार ने गांव—गांव में इंग्लिश स्कूल खोले। मध्यप्रदेश सरकार ने साढ़े तीन साल में महज 21 रोजगार दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार केवल उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। जबकि कांग्रेस की सरकारें ग्रामीण रोजगार को विकसित करने में लगी है। कांग्रेस ने बांसवाड़ा को संभाग बनाया। आदिवासी तीर्थ बेणेश्वर धाम पर भी करोड़ों का कार्य कराकर विकसित किया।
किसान और अड़ानी की एक दिन की कमाई बताई
प्रियंका गांधी ने बताया कि यह देश के किसानों की बदकिस्मती है। यहां का किसान एक दिन में महज 27 रुपए कमाता है, जबकि अडानी एक दिन में 16 हजार करोड़ रुपए। मोदीजी ऐसे बड़े—बड़े उद्योगपतियों की मदद करते हैं लेकिन जब आप पर संकट आता है तो मुंह मोड़ लेते हैं। अब आपको तय करना है कि किसको चुनना है।
परम्परा को पलटो, अपने अधिकारों को समझो – प्रियंका गांधी
