मोबाइल रिपेयरिंग करवाने के लिए नहीं थे रुपए, दोस्त के साथ मिलकर मर्डर की रची साजिश

पाली।  70 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ट्रेन से भागने की फिराक में थे। उससे पहले ही पुलिस ने पकड़ लिया। रिमांड के दौरान लूट का सामान बरामद करने की कोशिश की जाएगी। मामला पाली के खारड़ा गांव का है। खारड़ा गांव में 10 नवंबर की सुबह 70 साल की अणचीदेवी सीरवी का शव उसके घर में खून से लथपथ मिला था। किसी ने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। बुजुर्ग महिला घर में अकेली थी। मामले में महिला के भाई घीसूलाल पुत्र गोमाराम सीरवी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि दमन गुजरात में मिठाई की शॉप पर काम करने वाला 24 साल का जितेन्द्र उर्फ जीतू पुत्र मोतीलाल वाल्मीकि 2 नवंबर को ही दीपावली मनाने खारड़ा गांव अपने घर आया था। उसका मोबाइल टूट गया था। उसकी मरम्मत करवाने के लिए भी उसके पास रुपए नहीं थे। इससे वह काफी परेशान था। उसे किसी से बात करनी होती थी तो दूसरे की मोबाइल में अपनी सिम डालकर बात करता था।
दूसरा आरोपी होटल में था कुक
इसी तरह मेहसाणा गुजरात में एक होटल में कुक का काम करने वाला 26 साल का मुकेश कुमार पुत्र नेनाराम मेघवाल भी 9 नवम्बर की सुबह खारड़ा गांव अपने घर दीपावली मनाने आया था। दोनों एक ही गांव के थे और आपस में दोस्त थे। दोनों 9 नवम्बर को साथ में खारड़ा गांव में घूमते मिले थे। और घटना के बाद से फरार थे। ऐसे में शक के आधार पर दोनों की तलाशी की। मुखबिर तंत्र को भी एक्टिव किया तो दोनों के पाली में होने की जानकारी मिली। पुलिस ने पाली में रेलवे स्टेशन के पास से दोनों को पकड़ा दोनों ट्रेन पकड़कर फरार होने की फिराक में थे।
पूछताछ में बोले-तंगी से थे परेशान
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि दोनों आर्थिक तंगी से परेशान थे। इसी गांव में उनका बचपन बिता है। ऐसे में उन्हें पता था कि अणचीदेवी के पास खूब रुपए गहने है। वह लोगों को ब्याज पर देने का काम करते थे इसलिए दोनों ने उसे लूटने की साजिश रची ताकि उनकी आर्थिक तंगी दूर हो सके। दोनों नाडोल बेहोशी की दवा खरीदने गए ताकि अणचीदेवी को बेहोश कर लूट सकें लेकिन बेहोशी की दवा उन्हें मिली नहीं।
महिला का मुंह दबाकर चाकू से किया वार
ऐसे में नाडोल के सरकारी हॉस्पिटल गए और वहां से हाथ में पहने वाले ग्लबज चोरी कर शाम ढलने के बाद बुजुर्ग महिला अणची देवी के घर गए। वह घर के दरवाजे पर ही बैठी मिली। मुकेश ने अणचीदेवी को बातों में लगाया और फिर कुछ मिनट बाद जीतू आया। महिला को पकड़कर घर के अंदर खींच लिया और उसका मुंह बांध दिया ताकि वह चिल्ला न सकें। इस दौरान चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद बुजुर्ग महिला के गले और कान में पहने सोने के गहने लूटकर भाग गए। घर में रखे लाखों रुपए उन्हें नहीं मिले।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!