उदयपुर, 01 नवम्बर। लोक जनशक्ति पार्टी (रा) राजस्थान (लोजपा) ने बुधवार को राजस्थान में 30 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की। इसमें उदयपुर शहर विधानसभा सीट से दिनेश हाड़ा को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष सूरज कुमार बुराहड़िया ने बताया कि उदयपुर शहर से लगातार ओबीसी वर्ग की अनदेखी की जा रही है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की अनुशंसा पर ओबीसी वर्ग से आने वाले दिनेश हाड़ा को शहर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया गया है। हाड़ा लम्बे समय से ओबीसी वर्ग की समस्याओं व आवश्यकताओं को लेकर आवाज मुखर करते रहे हैं। कम्प्यूटर व्यवसायी हाड़ा तैलिक साहू समाज से आते हैं। समाज की ओर से भी लोजपा को ओबीसी वर्ग का प्रत्याशी बनाने का आग्रह प्राप्त हुआ था जिनमें कुछ नामों पर विचार के बाद दिनेश हाड़ा को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
प्रत्याशी घोषित होने के बाद हाड़ा ने बताया कि वे ओबीसी वर्ग के मुद्दों को लेकर अपना पक्ष मुखर करेंगे। साथ ही, उदयपुर शहर की यातायात समस्या, झीलों के संरक्षण, कटते पहाड़ों के संरक्षण सहित धर्मस्थलों की मर्यादाओं को सुनिश्चित करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। ओबीसी वर्ग के युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में बढ़ाना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा। ओबीसी प्रमाण पत्र हर छह माह में बनाने की सबसे बड़ी समस्या के समाधान को लेकर बड़ा कदम उठाया जाएगा।
