विधानसभा आम चुनाव – 2023
उदयपुर, 01 नवम्बर। विधानसभा आम चुनाव – 2023 की नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन बुधवार को जिले की वल्लभनगर और खेरवाड़ा विधानसभा सीट के लिए एक-एक उम्मीदवार नेे नामांकन दाखिल किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए ईटावा सरेरा तहसील नयागांव निवासी प्रवीणकुमार परमार पुत्र कांतिलाल परमार ने भारतीय ट्राइबल पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया है। वहीं वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में टीलाजी का गुंवार, पोस्ट-गोदाजी का गांव, भीम रामसमन्द निवासी मोहनसिंह पुत्र भूरसिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है।
उदयपुर में 1110 बूथों पर होगी वेब कॉस्टिंग
आरओ, डीईओ और सीईओ सीधे देख सकेंगे मतदान प्रक्रिया
विधानसभा आम चुनाव- 2023 को शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न संपन्न कराने को लेकर भारत निर्वाचन आयोग पूर्णरूप से गंभीर है। आयोग ने इन चुनावों में प्रत्येक जिले के कुल मतदान केंद्रों में से 50 प्रतिशत में वेब कॉस्टिंग के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल के निर्देशन में उदयपुर जिले में भी मतदान केंद्रों पर वेब कॉस्टिंग की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
बेव कॉस्टिंग प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी दीपक मेहता ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार उदयपुर जिले में कुल 1110 मतदान केंद्रों पर वेब कॉस्टिंग की व्यवस्था की जा रही है। इन बूथों पर होने वाली मतदान प्रक्रिया को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य चुनाव अधिकारी जयपुर तथा जिला व राज्य मुख्यालय पर स्थापित नियंत्रण कक्षों से सीधा देखा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इन बूथों में संवेदनशील, अतिसंवेदनशील बूथों को भी शामिल किया गया है। आयोग की मंशा अनुरूप मतदान के दौरान किसी प्रकार की अवांछित गतिविधियां पर पूर्ण नियंत्रण के लिए यह व्यवस्था की गई है।
