सार्वजनिक स्थलों से हटाए होर्डिंग्स, बैनर

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

विधानसभा आम चुनाव-2023
उदयपुर, 10 अक्टूबर। विधानसभा आम चुनाव की आचार संहिता लागू होने के साथ ही जनप्रतिनिधियों के फोटो तथा सरकार की योजनाओं के होर्डिंग्स-बैनर उतार लिए गए। भारत निर्वाचन आयोग की गाइड लाइन के अनुसार आचार संहिता लागू होने के 24 घंटे के दरमियान राजकीय कार्यालयों तथा 48 घंटे के भीतर सार्वजनिक स्थलों से होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर हटाने के निर्देश थे। इसकी पालना में विभागीय टीमों ने युद्धस्तर पर काम करते हुए सभी कार्यालय के साथ ही सार्वजनिक स्थलों यथा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, चौराहों, हाइवे आदि स्थलों पर लगे बैनर हटाए। नगर निगम, यूआईटी, पंचायतीराज सहित सभी विभागों की टीम दिन भर इसी मुहिम में जुटी रही। यूआईटी के नीरज माथुर ने बताया कि यूआईटी क्षेत्र से करीब 300 से अधिक होर्डिग्स, बैनर हटवाए गए।

28 अनुपस्थित पीठासीन अधिकारियों को नोटिस जारी
उदयपुर, 10 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग राजस्थान विधानसभा आम चुनाव 2023 को जारी कार्यक्रम के क्रम में उदयपुर जिलें की 8 विधानसभा क्षेत्रों के पीठासीन अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण मंगलवार को मीरा गर्ल्स कॉलेज एवं फतेह उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया व 28 अनुपस्थित पीठासीन अधिकारियो को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इन 28 पीठासीन अधिकारियों को उनके लिए 14 अक्टूबर को मीरा गर्ल्स कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रातः 9 बजे उपस्थित रहने के निर्देश दिए। इस प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने पर इनके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के प्रावधानों के तहत दंडात्मक कार्यवाही प्रारंभ कर दी जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित 2633 पीठासीन अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रभारी जितेन्द्र ओझा के नेतृत्व में दक्ष प्रशिक्षकों ने सैद्धांतिक प्रशिक्षण देकर ई.वी.एम. व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया। प्रथम मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण 11 अक्टूबर को 9 बजे आयोजित होगा। इस प्रशिक्षण में क्रम संख्या 1 से 1650 का प्रशिक्षण मीरा गर्ल्स कॉलेज में व क्रम संख्या 1651 से 2872 का प्रशिक्षण फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित होगा।

होम वोटिंग को लेकर बैठक आज
उदयपुर, 10 अक्टूबर। विधानसभा आम चुनाव-2023 में वरिष्ठ नागरिकजन एवं विशेष योग्यजन अनुपस्थित मतदाताओं द्वारा पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान प्रक्रिया के संबंध में राजनैतिक दलों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की बैठक 12 अक्टूबर को शाम 4 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) कार्यालय सभागार में होगी। यह जानकारी होम वोटिंग प्रकोष्ठ प्रभारी अधिकारी कीर्ति राठौड़ ने दी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!