उदयपुर। जिले की खेरोदा क्षेत्र में पुलिस पर फायरिंग कर फरार मादक पदार्थ तथा हथियार तस्करी के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने बताया कि खेरोदा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो कार को जब पुलिस ने रूकवाने का प्रयास किया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस का पीछा करने पर बदमाश अपना वाहन होटल मारवेल के समीप छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसमें 395 किलोग्राम अफीम डोडा—चूरा के अलावा एक पिस्टल बरामद की। पुलिस ने इस मामले में मादक पदार्थ तथा हथियारों की तस्करी के साथ पुलिस टीम पर जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया था। मामले में पड़ताल के दौरान उदयपुर पुलिस ने बाड़मेर जिले के पादरड़ी खुर्द निवासी दिनेश कुमार पिता मालाराम गोयत को गिरफ्तार किया। आरोपी से पुलिस ने कर्नाटक पासिंग 6 फर्जी ड्राईविंग लाइसेंस, 1 फर्जी आरसी के अलावा अलग—अलग पते के दो आधार कार्ड तथा दो मोबाइल बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने पुणे, मुम्बई आदि स्थानों से अफीम डोडा—चूरा
की तस्करी करने वालों को मादक पदार्थ पहुंचाने की बात कबूली है।
