मल्हार उत्सव के दूसरे दिन दर्शक हुए मंत्रमुग्ध

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 26 अगस्त। कुचिपुड़ी, भरतनाट्यम, मणिपुरी, कत्थक, सत्रीया, ओडिसी और मोहिनीअट्टम की उत्कृष्ट प्रस्तुतियाँ देखकर दर्शक रोमांचित हो गए। मल्हार उत्सव के दूसरे दिन शनिवार की शाम दिल्ली वासी कुचीपुडी की ख्यातनाम कलाकार गुरु वनश्री राव के निर्देशन में 28 पारंगत कलाकारों ने अविस्मरणीय प्रस्तुतियाँ दीं।
संगीत नाटक अकादमी अवार्ड और कई पुरस्कारों से नवाजी गई गुरु वनश्री राव ने इन सभी नृत्य शैलियों का गहन शोध कर, उनकी विशेषताओं को संकलित करके, पौराणिक प्रसंगों को अत्यंत प्रभावी तरीके से पेश करने का महान काम किया है।
“रसा युनाइटेड” नामक इस कार्यक्रम के विगत दो वर्षों में 112 सफल प्रदर्शन हो चुके हैं। कार्यक्रम को देखकर विश्वास होता है कि भारत के हर भू भाग के शास्त्रीय नृत्य अपने आप में विलक्षण हैं। इनमें वहां के साहित्य, संगीत, काव्य, लय, मुद्राओं, अभिनय, प्रादेशिक, सामाजिक परिवेश, सौन्दर्य बोध के साथ परम्पराओं का सुरीला संगम होता है।
गुरु वनश्री जी ने पौराणिक कथाओं को वीर, करुण, श्रृंगार और भक्तिरस पर नृत्यों में पिरोया है और उनका संगीत डिजाइन किया गया है। इन्ही के दल के नर्तक प्रशांत कालिया ने लाइट डिजाईन की है।
कुचिपुड़ी में त्रिपुरासुर संहार की प्रस्तुति में वनश्री राव ने भगवान शिव की भूमिका निभाई उनके साथ अयाना मुखर्जी, मौत्शी मजूमदार, मोनिका वैद की शानदार प्रस्तुति दी।
भरतनाट्यम में डॉ. श्रीधर वासुदेवन, श्रीशा सरकार, आर्या रमेश ने थोडया मंगलम में  रामावतार और नरसिंह अवतार प्रसंग प्रस्तुत किये।
मोहिनीअट्टम में विष्णुप्रिया मरार ,रेणु उन्नीकृष्णन नायर, सुहानी गुप्ता, नयना जानीश ने श्री कृष्ण और गोपियों की रास लीला का प्रसंग पेश किया। मणिपुरी में सगोलेश उमेशोरी, निन्ग्थौजम चओबा देवी, निन्ग्थौजम कमला देवी और ओणिं फजाबी देवी ने श्री कृष्ण भक्ति पर आधारित रास प्रस्तुत किया। असम के शास्त्रीय नृत्य सत्रीय में रोडाली बोरा, कौशिकी बोरा और प्रगति कलीता ने गुरु जना श्री मंत संकर देवा की वंदना को साकार किया। ओडिसी में पुष्पांजलि मोहंती, निखिल बोरा, नेहा भारद्वाज और पल्लवी घोष ने प्रस्तुति दी। कत्थक में अंजली मुंजाल, दिव्या अर्चना और राधिका सिंह ने प्रसंग पेश किये।
कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों ने समवेत तिल्लाना (तराना – प्रस्तुत कर कार्यक्रम को ऊँचाई तक पहुंचा दिया और दर्शकों ने खड़े होकर तालियों से कलाकारों का अभिवादन किया। केंद्र की ओर से निदेशक श्रीमती किरण सोनी गुप्ता ने गुरु वनश्री राव को पेंटिंग्स का पोर्टफोलियो भेंट किया।
कार्यक्रम में श्री .राहुल भटनागर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
सांस्कृतिक केंद्र की निदेशक श्रीमती किरण सोनी गुप्ता ने बताया मल्हार उत्सव की अंतिम संध्या रविवार को हैदराबाद के शंकरानंद कलाक्षेत्र एन्सेम्बल द्वारा भरतनाट्यम की नयनाभिराम प्रस्तुतियां होंगी। पद्मश्री डॉ. आनंदा शंकर जयंत के निर्देशन में तैयार इन शानदार कृतियों को तेरह कलाकार प्रस्तुत करेंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!