केंद्रीय जनजातीय मंत्री अर्जुन मुंडा मुख्य वक्ता
उदयपुर। भारतीय जनता पार्टी का संभागीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन शुक्रवार को उदयपुर में होने जा रहा है। इसके मुख्य वक्ता केन्द्रीय जनजातीय मंत्री अर्जुन मुण्डा होंगे। इसके अलावा इसमें पार्टी की राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी विजया रहाटकर, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, सांसद अर्जुन लाल मीणा और कनक मल कटारा शामिल हो रहे हैं। सम्मेलन में आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूती प्रदान करने एवं विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोड़ने के लिए आयोजित होने कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होगी।
भाजपा का संभाग स्तरीय जनजाति प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन सुखड़िया विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में शुक्रवार सुबह 11 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम में पार्टी के जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष चुन्नीलाल गरासिया, जनजाति मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष नारायण मीणा एवं प्रदेश महामंत्री मोतीलाल मीणा की मौजूदगी रहेी।
भाजपा मीडिया प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन में भाग लेने के लिए राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सहप्रभारी विजया रहाटकर उदयपुर पहुंच चुकी हैं। सम्मेलन से पहले वह प्रातः 10:30 सुखाड़िया विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में जनजाति प्रबुद्ध जनों के साथ संवाद भी करेंगी।
जनजाति प्रतिनिधि सम्मेलन में सांसद, पूर्व सांसद, जिला प्रमुख, पूर्व जिला प्रमुख, सांसद एवं विधायक प्रत्याशी, मौजूदा प्रधान, उप प्रधान, सरपंच के अलावा पूर्व प्रधान, उप प्रधान और पूर्व सरपंचों के अलावा जिला परिषद एवं पंचायम समिति एवं ग्राम पंचायतों के पंच भी भाग लेंगे। जनजाति से जुड़े पार्टी अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों को भी सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। इसी तरह पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठ, मोर्चा के मंडल जिला पदाधिकारी एवम प्रदेश पदाधिकारी भी इसमें भाग लेंगे।
उदयपुर में भाजपा का संभागीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन आज
