अकादमी ने सूचना केंद्र को 100 से अधिक पुस्तकें भेंट की
उदयपुर, 17 अगस्त। मेवाड़ के साहित्यकारों द्वारा सृजित सर्जनाओं से स्थानीय युवा पाठकों व पत्रकारों को लाभांवित कराने के उद्देश्य से उदयपुर के सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय (सूचना केन्द्र) द्वारा पहल करते हुए मेवाड़ के साहित्यकारों की साहित्य गैलेरी बनाई जा रही है। मेवाड़ के साहित्यकारों द्वारा लगातार इस मुहिम को समर्थन दिया जा रहा है और पुस्तकें भेंट की जा रही है।
इस मुहिम को गति प्रदान करने राजस्थान साहित्य अकादमी के अध्यक्ष डॉ. दुलाराम सहारण सूचना केन्द्र पहुंचे और सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय के संयुक्त निदेशक डॉ. कमलेश शर्मा से साहित्य के संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए जारी इस पहल के बारे में चर्चा की। इस मुहिम से प्रभावित होकर उन्होंने अकादमी की ओर से विभिन्न विधाओं पर आधारित 100 से अधिक पुस्तकें भेंट की।
सूचना केन्द्र बनेगा साहित्य का संग्रहालय :
डॉ. सहारण ने सूचना केन्द्र के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि केन्द्र पहले से ही समाचार पत्रां व संदर्भ सामग्री के संग्रहालय की भांति काम कर रहा है। अब इस कार्य में यह साहित्य का भी संग्रहालय बन जाएगा। उन्होंने इस कार्य में अकादमी की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान करने को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि सूचना केन्द्र में मेवाड़ के साहित्यकारों की साहित्य गैलेरी बनने से साहित्य का उचित संरक्षण होगा और जिज्ञासु लोगों को कई उपयोगी जानकारी मिल सकेगी। डॉ. सहारण ने कहा कि सूचना केन्द्र की संदर्भ शाखा में कई उपयोगी एव ज्ञानवर्द्धक साहित्य, समाचार पत्र एवं पुस्तकें सहज व सुरक्षित है। ऐसे में मेवाड़ के साहित्यकारों के लिए यहां तैयार की जा रही साहित्य गैलेरी से साहित्य को विशिष्ट पहचान मिलेगी।
