उदयपुर। जिले के मानसी नदी में पुलिया के उपर बहते पानी में होकर दूसरी ओर जाना एक युवक को उस समय भारी पड़ गया, जब बीच पुलिया उसके पांव जमी से उखड़ने लगे। हालांकि वह भाग्यशाली रहा और उसकी जान बच गई।
मामला ओगणा क्षेत्र का है, जहां लगातार हुई बारिश के चलते मानसी नदी बड़े वेग से बह रही है। ओगणा—थोबावाड़ा मार्ग के बीच मानसी नदी पर बनी पुलिया के उपर से पानी गुजर रहा था। इसी दौरान एक युवक ने दूसरी ओर जाने का प्रयास किया। वह पुलिया के उपर गुजर रहे पानी से होकर जाने लगा। दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग खड़े थे और उन्होंने युवक को जाने से रोकने के लिए आवाज लगाई लेकिन उसने अनदेखी कर दी। युवक जैसे ही पुलिया के बीचों—बीच पहुंचा तो पानी के वेग के चलते उसके पांव उखड़ने लगे। देखते—देखते वह पुलिया से बहता हुआ नीचे नदी में जा पहुंचा। हालांकि उसे तैरना आता था और वह भाग्यशाली रहा कि वह बच गया। अब जिला प्रशासन ने अपील जारी की है कि लोग बहते पानी से पार करने की कोशिश नहीं करें।
आठ दिन पहले मोरवानिया में बह गए थे दो युवक
जिले में 8 दिन पहले भी उदयपुर शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर उबेश्वर जी मार्ग पर आर्मी कैंपस स्थित मोरवानिया नदी में बाइक सवार दो युवक पुलिया पर तेज वेग से पानी होने के बावजूद पार करने की कोशिश की, जिससे दोनों बाइक के साथ बह गए। बाद में दोनों को रेस्क्यू कर बचा लिया गया। जब दोनों को सुरक्षित निकाल लिया गया तब वहां लोगों ने बताया कि ये दोनों रील बनाने के लिए वीडियो शूट कर रहे थे।
उदयपुर में नदी पार करना युवक को पड़ जाता भारी, बची जान
