मात्र 30 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा

-अभ्यर्थियों ने नहीं दिखाई रुचि
उदयपुर। राजस्थन लोक सेवा आयोग अजमेर की ओर से रविवार को आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा 2022 सामान्य ज्ञान (गु्रप ए व बी) 98 केन्द्रों पर दो सत्रों में संपन्न हुई। परीक्षा के प्रथम सत्र में 27.36 प्रतिशत तथा द्वितीय सत्र में 30.83 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर परीक्षा समन्वयक (प्रशासन) ओपी बुनकर द्वारा परीक्षा केंद्रों की आकस्मिक जांच कर परीक्षा की निष्पक्षता, नियमबद्धता और स्वच्छता को कायम रखने तथा अवांछित तत्वों द्वारा नकल रोकथाम एवं कानून व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए सतर्कता दल बनाए गए। सतर्कता दल प्रभारी झाड़ोल पंचायत समिति के विकास अधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा अधिकारी विजय सारस्वत व पुलिस अधिकारी नाहर सिंह ने राउमावि एकलिंगपुरा, रकमपुरा, सेंट मेरी तितरड़ी, अरावली इंस्टीट्यूट आॅफ टेक्निकल स्टडीज, सरस्वती कॉलेज आॅफ नर्सिंग, जीवन रतन मॉडर्न स्कूल परीक्षा केंद्रों पर दोनों पारियों में आकस्मिक जांच के तहत परीक्षा कक्षों में प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, वीक्षकों की ड्यूटी, परीक्षा संचालन आदि बिंदुओं की गहनता से जांच की। समस्त केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषप्रद पाई गई तथा बिना किसी व्यावधान के परीक्षा सम्पन्न हुई।
परीक्षा समन्वयक अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) ओपी बुनकर के अनुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रथम सत्र में कुल पंजीकृत 32568 अभ्यर्थियों में से 8912 ने परीक्षा दी जबकि 23656 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दोपहर 2.30 बजे से सायं 4.30 बजे द्वितीय सत्र में सामान्य ज्ञान परीक्षा में कुल पंजीकृत 29007 अभ्यर्थियों में से 8942 ने परीक्षा दी जबकि 20065 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!