उदयपुर की पिछोला झील लबालब, छह इंच की चादर चली

स्वरूप सागर के दो गेट खोले, पानी आयड़ नदी के जरिए पहुंच रहा उदयसागर झील
उदयपुर। मानसून की शुरूआत में ही उदयपुर शहर की पिछोला झील बीती रात ओवरफ्लो हो गई। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे स्वरूपसागर झील के दो गेट खोल दिए गए। यहां से पानी आयड़ नदी के जरिए उदयसागर झील पहुंचने लगा है। झील के ओवरफ्लो तथा चलती चादर देखने शहर भर से लोग पहुंचने लगे हैं। मुख्य मार्ग होने की वजह से वहां यातायात अवरूद्ध नहीं हो, इसके लिए पुलिस लगानी पड़ी।
कैचमेंट एरिया में पिछले दिनों से लगभग हर दिन हो रही बारिश के चलते शहर की झीलों में पानी का आवक जारी है। इसके चलते पिछोला झील बीती रात ही ओवरफ्लो गई, जबकि फतहसागर में भी मदार नहर के जरिए पानी की आवक जारी है। सीसारमा नदी लगभग छह फीट वेग से बह रही है और इसके चलते पिछोला झील पर छह—छह इंच की चादर चल रही है।
जल संसाधन विभाग ने पानी की आवक बढ़ने के बाद स्वरूपसागर के गेट खोलना तय किया। गुरुवार सुबह सवा आठ बजे स्वरूपसागर के दो गेट 3-3 इंच के खोले। इससे पहले विभाग ने आम जन को पहले ही सूचित कर दिया कि बहाव क्षेत्र यानी आयड़ नदी तथा उससे सटे निचले इलाकों में किसी तरह की गतिविधि या कार्य नहीं करे ताकि किसी तरह जनहानि नहीं हो। विभाग ने बताया कि अगले दो सप्ताह में फतहसागर झील भी ओवरफ्लो हो सकती है। फिलहाल फतहसागर को ओवरफ्लो होने के लिए दो फीट पानी की जरूरत है और जिस तरह पानी आ रहा है, उससे उम्मीद है कि हरियाली अमावस्या मेले से पहले ही झील के गेट खोलने पड़ेंगे।
उदयसागर झील पहुंच रहा पानी
11 फीट की भराव क्षमता वाली उदयपुर की सबसे बड़ी पिछोला झील के भर जाने के बाद ओवरफ्लो हो रहा पानी स्वरूप सागर के गेट से होकर आयड़ नदी में बहकर उदयसागर जा रहा है।
स्वरूपसागर के ओवरफ्लो स्थल पर जमा भीड़
स्वरूपसागर के गेट खोलने पर बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे। मुख्य रोड पर लोगों के गेट और बहते पानी को देखने के लिए जमा हो गए। मौके पर सुरक्षाकर्मी भी लगाए ताकि जाम नहीं लगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!