पूर्व मंत्री गरासिया ने बोर्ड परीक्षा में अव्वल रहे विद्यार्थियों को सम्मानित

उदयपुर 9 जून। पूर्व मंत्री मांगीलाल गरासिया ने शुक्रवार को जिले के बड़गांव ब्लॉक में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। गरासिया बड़गांव के थूर ग्राम पंचायत में आयोजित महंगाई राहत कैंप का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के जारी परिणाम के अनुसार बड़गांव ब्लॉक स्तर पर अच्छे अंक प्राप्त कर श्रेष्ठ रहे विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उन्हें परिश्रम जारी रखते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने क्षेत्र के सभी विद्यार्थियों से कहा कि सरकार ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं व कार्यक्रम संचालित किये है और हर विद्यार्थी को शिक्षा के जोड़कर उनके विकास के लिए प्रभावी प्रयास किये जा रहे है। आज विद्यार्थियों को कई प्रकार के पुरस्कार, प्रोत्साहन राशि, छात्रवृति, स्कूटी आदि सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए बेहतर भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
पूर्व मंत्री गरासिया ने शिविर का निरीक्षण करते हुए वहां दी जा रही सेवा-सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिविर स्थल पर लगी विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से फीडबैक लिया और प्रगति जानी। उन्होंने वहां मौजूद ग्रामीणों से संवाद करते हुए सरकार के इस अभियान की जानकारी दी और हर व्यक्ति को इस अभियान का लाभ दिलाने की बात कही। वहीं ग्रामीणों को जागरूक होकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

योग दिवस पूर्वाभ्यास होगा गोवर्धन सागर की पाल पर
पर्यावरण शुद्धि के लिए होगा यज्ञ

उदयपुर 9 जून। आयुर्वेद विभाग द्वारा 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर प्रोटोकॉल योग का पूर्वाभ्यास रविवार 11 जून को प्रातः 6 से 8 बजे तक को गोवर्धन सागर की पाल पर करवाया जायेगा। वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ शोभालाल औदिच्य ने बताया कि योगाभ्यास से पूर्व प्रातः 6 बजे से यज्ञ अनुष्ठान आर्य समाज हिरणमगरी के कुशल न अनुभवी पुरोहितों द्वारा कराया जाएगा। यज्ञ चिकित्सा में सम्मिलित होने के जिज्ञासु प्रात 5.45 से गोवर्धन सागर की पाल के पूर्वी छोर पर आकर लाभान्वित हो सकते है। डॉ. औदिच्य के निर्देशन में इस योग पूर्वाभ्यास में मिनिट टू मिनिट योग प्रोटोकॉल के अनुसार योग विशेषज्ञ डॉ शुभा सुराणा, गोपाल डांगी, अशोक जैन, डॉ मुकेश  पाठक, देवाराम राजपुरोहित, शारदा जालोरा, कीर्ति जालोरा, दरब सिंह बघेल, जिग्नेश शर्मा, डॉ इकबाल गोरी, डॉ संजय माहेश्वरी, भानु बापना, उषा शर्मा, सपना नागौरी, हेमलता सियाल आदि योगासन प्राणायाम का अभ्यास करवाएंगे।

आदिवासी-विमर्शः अवधारणा और चुनौतियां विषय पर परिचर्चा 2 जुलाई को
उदयपुर, 9 जून। पत्रकारिता और भारतीय साहित्य के उच्च मानदंड स्थापित करने के उद्देश्य से राजस्थान मीडिया एक्शन फोरम के संस्थापक वरिष्ठ पत्रकार और साहित्यकार अनिल सक्सेना के द्वारा प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में परिचर्चा, सेमिनार, कार्यशाला और गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है।
राजस्थान मीडिया एक्शन फोरम के संगठन महासचिव अशोक लोढा ने बताया कि डूंगरपुर में 2 जुलाई रविवार को सुबह 11 बजे से 1 बजे तक ‘आदिवासी-विमर्शः अवधारणा और चुनौतियॉं‘ विषय पर आयोजित इस परिचर्चा में डूंगरपुर जिले के चुनिंदा आमंत्रित पत्रकार, लेखक और साहित्यकार भाग लेंगे। इस कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!