जिले में अवैध खनन, निर्गमन, भंडारण की रोकथाम, खनन गतिविधियों की मॉनिटरिंग के लिए गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित
कुल 704 प्रकरण बनाकर 7.71 करोड़ रू की राशि वसूली
भीलवाड़ा, 31 मई। जिले में अवैध खनन, निर्गमन, भंडारण की रोकथाम, खनन गतिविधियों की मॉनिटरिंग तथा पर्यावरण सरंक्षण हेतु किये गये कार्यों की समीक्षा के लिए गठित जिला स्तरीय कमेटी की बैठक जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी ने खनिज बजरी के स्टॉक की चैकिंग किये जाने निर्देश दिये। परिवहन विभाग को बिना रजि. नम्बर प्लेट, ओवरस्पीड, गैर वाणिज्यिक संचालित वाहनों पर कार्यवाही करने एवं जिले में जगह-जगह कैंप लगाये जाकर वाहनों के चालकों/मालिकों को संवेदनशील बनाये जाने की कार्यवाही के निर्देशित किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री आदर्श सिध्ू ने खनिज बजरी के जिन क्षेत्रों में नवीन कार्य प्रारम्भ किये जा रहे हैं, उनमें पट्टाधारक एवं बजरी परिवहन कर्ताओं में सम्मिलित लोगों के बीच परस्पर विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो, इस हेतु आवश्यक जाब्ता लगाया जाकर कार्यवाही करने के लिए कहा ताकि कानून व्यवस्था की स्थिति प्रभावित नहीं हो।
सदस्य सचिव ने पीपीटी के माध्यम से अवैध खनन/निर्गमन/भंडारण के वैधानिक प्रावधानों, राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश, जिले में संचालित खनन गतिविधियों का परिचय देते हुए जिले में अवैध खनन के संभावित क्षेत्रों में वित्तीय वर्ष 2022-23 में की गई कार्यवाही से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिले में अवैध खनन/निर्गमन/भंडारण के विरूद्ध कुल 704 प्रकरण बनाकर 7.71 करोड़ रू की राशि वसूली की जाकर 230 प्रकरणों में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई। प्रदेश में भीलवाड़ा जिला वित्तीय वर्ष 2022-23 में अवैध खनन कर्ताओं के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने एवं पेनल्टी राशि वसूलने में प्रथम स्थान पर रहा एवं कुल कार्यवाही प्रकरणों की संख्या के दृष्टिगत तृतीय स्थान पर रहा।
उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में जिले में खनिजों के अवैध खनन/निर्गमन/भंडारण के विरूद्ध 110 प्रकरण बनाये जाकर 0.73 करोड़ रू की जुर्माना राशि वसूल की गई है एवं 41 प्ररकणों में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
बैठक में प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री महोदय, द्वारा वी0सी0 के माध्यम से पूर्व बैठक में दिये गये दिशा निर्देशानुसार अवैध खनन/निर्गमन/भंडारण में लिप्त बड़े वाहन व मशीनों के विरूद्ध कार्यवाही करने के संबंध में भी चर्चा की गई। वीसी के उपरांत जिले में अवैध खनन, निर्गमन में 370 ट्रेक्टर-ट्रोली, 91 डंपर, ट्रोले तथा 27 बड़ी मशीनें जब्त की गई हैं। खनि अभियन्ता ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय द्वारा ली गई वीसी के पश्चात् की गई कार्यवाही के दृष्टिगत जिले का राज्य में द्वितीय स्थान है।
श्री हुमड़ ने अवगत कराया कि वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा 25 लाख रू से अधिक शोरूम कीमत के वाहनों हेतु, वाहन की अवधि अनुसार पर्यावरण क्षतिपूर्ति राशि पूर्व में निर्धारित 1 लाख रू की राशि से बढाया जाकर 2 से 4 लाख रू कर दी गई है। जिले में अवैध खनन प्रोन क्षैत्र समोड़ी-दरीबा आदि में आर ए सी बटालियन की तैनाती की गई है, जिससे अवैध खनन की गतिविधियों पर अंकुश लगा है।
बैठक में उपवन संरक्षक श्री वीरसिंह ओला, परिवहन अधिकारी श्री रामकृष्ण चौधरी, अधीक्षण खनि अभियन्ता, अधीक्षण खनि अभियन्ता(सतर्कता), खनि अभियन्ता भीलवाड़ा, बिजौलिया एवं खनि अभियन्ता(सतर्कता) उपस्थित हुए।
