चित्तौड़गढ़, 17 अप्रैल। युवा एवं खेल विभाग राजस्थान सरकार द्वारा केन्द्रीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 21 मई से 10 jun तक माउन्ट आबू एवं जयपुर में किया जायेगा। जिला कलक्टर अरविन्द कुमार पोसवाल ने बताया कि जिले के प्रतिभावान खिलाडियों को उचित प्रशिक्षण देने हेतु राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों द्वारा उच्च तकनीकि व आधुनिक खेल उपकरणों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जायेगा । प्रशिक्षण शिविर में खेल सामग्री व अन्य सुविधाये युवा एवं खेल विभाग, राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद द्वारा उपलब्ध कराई जायेगी।
जिला खेल अधिकारी गिरधारी सिंह चौहान ने बताया कि उक्त शिविर में हैण्डबाल, कबड्डी, वालीबॉल, बास्केटबॉल, क्रिकेट, एथलेटिक्स, बाक्सिंग, तीरंदाजी, खो-खो, जिम्नास्टिक, जुडों, हॉकी, बेडमिन्टन खेलों में भाग लेने वाले 14 एवं 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका जिला खेल अधिकारी कार्यालय से सम्पर्क कर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकतें है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने दिए समय पर लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश
चित्तौड़गढ़, 17 अप्रैल। जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला परिषद् सभागार में विकास अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ ने सभी ब्लाकों में मनरेगा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत सरोवर निर्माण आदि कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ ने मनरेगा के अंतर्गत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने, समय पर भुगतान करने, श्रमिकों को नजदीकी स्थानों पर ही कार्य उपलब्ध कराने तथा लंबित कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रमिकों की आधार सीडिंग करवाने, जियो टैगिंग करवाने तथा कार्यों को सॉफ्टवेयर पर अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने अमृत सरोवर निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ ने अधिकारियों को महंगाई राहत कैंप की तैयारी को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल, छाया आदि की उपयुक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न ब्लाकों के विकास अधिकारी, सहायक अभियंता, पंचायतीराज विभाग एवं जिला परिषद् के अधिकारी उपस्थित रहे।
10 वर्ष पूर्व बने आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए कैंप 18 अप्रैल से
चित्तौड़गढ़, 17 अप्रैल। ऐसे व्यक्ति जिनका आधार कार्ड 10 वर्ष पूर्व बना हो और जिन की ओर से अभी तक एक बार भी आधार अपडेट नहीं कराया है, उन सभी व्यक्तियों को अब अपने आधार में दस्तावेज अपडेट करवाना होगा। इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग की तरफ से 18 अप्रैल से 31 मई तक विशेष अभियान के तहत जिले में कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस हेतु आमजन को अपने नजदीकी आधार केंद्र पर जाकर दस्तावेज अपडेट करवाना होगा।
सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के संयुक्त निदेशक राजेंद्र सिंघल ने बताया कि राज्य व केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आधार धारकों को अपने नवीनतम व्यक्तिगत विवरण से आधार डाटा को अपडेट रखना अपेक्षित है, ताकि आधार नंबर धारको को प्रमाणीकरण सत्यापन में असुविधा ना हो। आमजन नजदीकी पोस्ट ऑफिस, सीएससी, बैंक तथा बीएसएनएल की ओर से स्थापित आधार सेवा केंद्र पर आधार अपडेशन का कार्य करा सकते हैं।
आधार नामांकन केंद्र पर निम्न दस्तावेज ले कर जावे –
पहचान हेतु आवश्यक फोटोयुक्त दस्तावेज : ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, वोटर आईडी, विशेष योग्यजन कार्ड, जन आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र में से कोई भी एक।
पता के लिए आवश्यक दस्तावेज : पासपोर्ट, वोटर आईडी, विशेष योग्यजन कार्ड, जन आधार कार्ड, राशन कार्ड, विवाह प्रमाण पत्र, बिजली / नल / फोन बिल आदि।
आधार ऑनलाइन सेवाओं का लाभ myaadhar.uidai.gov.in पोर्टल और myaadhar ऐप के माध्यम से 14 जून तक मुफ्त में लिया जा सकता है, एवं निकटतम आधार केंद्र पर आधार को अपडेट कराने पर इसका अनुमोदित शुल्क ₹50 है।
