डूंगरपुर जिले में 24 अप्रेल से 30 जून तक लगेंगे महंगाई राहत कैम्प

जनआधार कार्ड से मिलेगी बचत, राहत और बढ़त की सौगात
डूंगरपुर, 08 अप्रैल/बचत, राहत और बढ़त के संकल्प के साथ राज्य बजट में की गई विभिन्न जनकल्याणकारी घोषणाओं, योजनाओं और कार्यक्रमों का धरातल पर साकार करने के लिए जिले में 24 अप्रेल से महंगाई राहत कैम्प, प्रशासन गांवों के संग, प्रशासन शहरों के संग शिविरों का आयोजन किया जाएगा। मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा ने शनिवार को इस संबंध में राज्य के सभी जिला कलक्टर के साथ वीसी के माध्यम से बैठक लेकर शिविरों के आयोजन, रूपरेखा सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्देश दिए। बैठक में जिला कलक्टर लक्ष्मी नारायण मंत्री, नगरीय निकाय व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए
जिले में लगेंगे 40 महंगाई राहत कैम्प
जिला कलक्टर लक्ष्मी नारायण मंत्री ने बताया कि जिले में प्रशासन शहरों के संग व प्रशासन गांवों के संग अभियान के साथ ही 40 स्थाई महंगाई राहत कैम्पों का आयोजन किया जाएगा। नगर परिषद क्षेत्र डूंगरपुर में 3, नगरपालिक सागवाड़ा में 2, डूंगरपुर में 3, दोवड़ा में 2, आसपुर में 5, साबला में 3, सागवाड़ा में 5, गलियाकोट में 4, सीमलवाड़ा में 5, चिखली में 3, झौंथरी में 2 तथा बिछीवाड़ा में 3 स्थाई महंगाई राहत कैंप लगेंगे। ये कैंप 24 अप्रेल से 30 जून तक लगेंगे।
महंगाई राहत शिविरों में मिलेंगे ये लाभ
500 रूपये में गैस सिलेंडर योजना में रजिस्ट्रेशन के साथ ही मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड मिलेगा, मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना के तहत  घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 100 यूनिट बिजली फ्री तथा कृषि उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 2000 यूनिट फ्री बिजली के लिए रजिस्ट्रेशन व मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड वितरण, मुख्यमंत्री निशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना के तहत रजिस्ट्रेशन व फूड पैकेट वितरण, महात्मा गांधी नरेगा ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के रजिस्ट्रेशन व जॉब कार्ड वितरण, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के रजिस्ट्रेशन व जॉब कार्ड वितरण, न्यूनतम 1000 हजार रूपये प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के रजिस्ट्रेशन व रिवाइज्ड पीपीओ ऑर्डर वितरण करना, पालनहार योजना की बढ़ी हुई प्रतिमाह राशि 750 रूपये एवं 1500 रूपये प्रतिमाह के लिए रजिस्ट्रेशन व संशोधित भुगतान आदेश वितरण, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की बढ़ी हुई बीमा राशि 25 लाख के लिए रजिस्ट्रेशन व पॉलिसी किट वितरण, मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना की बढ़ी हुई राशि 10 लाख के लिए रजिस्ट्रेशन व पॉलिसी किट वितरण किया जाएगा।
परिवार का कोई भी सदस्य करवा सकता है पंजीयन
जिला कलक्टर लक्ष्मी नारायण मंत्री ने बताया कि महंगाई राहत शिविरों में पंजीयन के लिए जनआधार कार्ड होना आवश्यक है। जनआधार कार्ड धारक का स्वयं आना आवश्यक नहीं है। परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य जिसका नाम जनआधार कार्ड में हो, वो शिविर में आकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए पंजीयन करवा सकता है। जिले के प्रत्येक ब्लॉक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर महंगाई राहत कैंपों का स्थान चिह्नित किया जाएगा।
जनआधार नंबर से पात्रता का होगा निर्धारण
उदाहरण के लिए किसी परिवार को पालनहार योजना का लाभ मिल रहा है, लेकिन अन्य योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिसके लिए वो परिवार पात्र है, तो जनआधार कार्ड नंबर डालते ही पता चल जाएगा कि अमुक परिवार को अन्य और कौन-कौनसी योजनाएं हैं, जिनका लाभ मिलना चाहिए। वहीं शिविर में एक काउंटर पर पंजीयन हो जाएगा और दूसरे काउंटर पर लाभार्थी को योजना से संबंधित पात्रता दस्तावेज मिल जाएंगे। उन्होंने बताया कि जनआधार कार्ड की फोटोकॉपी या मोबाइल पर जनआधार कार्ड दिखाने पर भी शिविर में पंजीयन हो जाएगा।
पात्र व्यक्तियों को मिले महंगाई राहत कैम्पो का पूरा लाभ- जिला कलक्टर  
जिला कलक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को महंगाई राहत कैम्प के लिए विभागवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए राज्य सरकार की संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन की मंशा के अनुरूप कैम्पो के सफल क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!