मुख्यमंत्री ने इंदिरा रसोई का किया औचक निरीक्षण

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

व्यवस्थाओं से जताई संतुष्टि, संचालक को कहा-आपकी रसोई को 10 में से 10 नंबर
उदयपुर, 5 जनवरी। राज्य स्तरीय जनजाति खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह उपरांत निकले मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने महाराणा भूपाल स्टेडियम के बाहर गुरु गोविंद सिंह स्कूल के सामने स्थित इंदिरा रसोई संख्या 55 का औचक निरीक्षण किया। शहरी आजीविका केन्द्र की महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित इस रसोई के भीतर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने रसोई संचालिका रानू व व कुक से मुलाकात की। उन्होंने रसोई की सफाई एवं स्वच्छता को सराहा तथा खाने की गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी ली।
उन्होंने इस दौरान संचालिका से स्वयं सहायता समूह के गठन और उनके द्वारा संचालित आयजनक गतिविधियों के बारे में विस्तार से पूछा तथा रसोई संचालन के निर्णय की तारीफ की। मुख्यमंत्री व अतिथियों ने इस दौरान यहां पर चाय का भी स्वाद लिया। रसोई से निकलते हुए मुख्यमंत्री ने संचालक को कहा कि आपकी रसोई को 10 में से 10 नंबर देता हूं। इस दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद िंसंह डोटासरा, खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना, टीएडी राज्यमंत्री अर्जुनसिंह बामनिया व जिला कलक्टर ताराचंद मीणा सहित अन्य कई विशिष्टजन मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने मुंबईया बाजार में उठाया चाय का लुत्फ
उदयपुर, 5 जनवरी। देर शाम मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत फतेहसागर किनारे स्थित मुंबईया बाजार भी पहुंचे और यहां पर चाय का लुत्फ भी उठाया। इस दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री श्री गोविंदसिंह डोटासरा व खेल राज्यमंत्री श्री अशोक चांदना भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री को मुंबईया बाजार पहुंचा देख बड़ी संख्या में शहरवासी भी पहुंचे। शहरवासियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पहार से स्वागत भी किया और परिवेदनाएं भी सौंपी।

मेगा जॉब फेयर में राज्य सरकार के प्रचार साहित्य का वितरण
उदयपुर, 5 जनवरी। उदयपुर के रेलवे ट्रेनिंग ग्राउण्ड में आयोजित संभाग स्तरीय मेगा जॉब फेयर में आने वाले युवाओं को सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय की ओर से सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं-कार्यक्रमों पर आधारित प्रचार साहित्य का वितरण कर उपयोगी जानकारी दी गई।
सूचना एवं जनसम्पर्क उपनिदेशक डॉ. कमलेश शर्मा ने बताया कि मेला प्रागंण में विभाग की ओर से लगाई गई स्टॉल्स पर राज्य सरकार की 4 वर्षीय उपलब्धियों संबंधित पुस्तकों, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं व फ्लेगशीप कार्यक्रमों पर आधारित प्रचार साहित्य यथा फोल्डर, जनघोषणा पत्र, बुकलेट, राजस्थान सूजस आदि का वितरण युवाओं को किया गया। मेला प्रांगण में विभाग द्वारा तैयार किए गए पोस्टर्स-बैनर्स व फ्लेक्स आदि लगवाकर भी सरकार की योजनाओं व कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार किया गया। इस दौरान सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी प्रवेश परदेशी, वरिष्ठ सहायक वाचस्पति देराश्री, ऑपरेटर सुनील व्यास, सहायक कर्मचारी राजसिंह सदाणा व हीरालाल शर्मा ने सेवाएं दी।

युवाओं को दी निर्वाचन संबंधी जानकारी
उदयपुर, 5 जनवरी। उदयपुर के रेलवे ट्रेनिंग ग्राउण्ड में आयोजित रोजगार मेले में आने वाले प्रतिभागियों को निर्वाचन संबंधी जानकारी दी गई। स्वीप प्रकोष्ठ के सहायक नोडल अधिकारी पुनीत शर्मा ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार स्वीप कॉर्डिनेटर देवीलाल गर्ग, श्रवण सिंह एवं नीलम सोनी के साथ-साथ जिले के मास्टर ट्रेनर द्वारा स्वीप स्टॉल के माध्यम से युवाओं/आगंतुकों को मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी। इस मेले में लगभग 9000 युवाओं को वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से पंजीकरण प्रक्रिया, पीडब्ल्यूडी एप, फार्म संख्या 6 नवीन पंजीकरण, फार्म संख्या 6 ख में आधार से लिंक, फार्म संख्या 7 में नाम हटाना एवं फार्म संख्या 8 में संशोधन आदि के बारे में बताया गया। संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2023 के तहत 112 युवाओं ने क्विज प्रतियोगिता में भाग लिया।

सर्दी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए 7 तक अवकाश घोषित
उदयपुर, 5 जनवरी। जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा के निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला कलेक्टर गौतम ने एक आदेश जारी कर आगामी दिनों में सर्दी का प्रकोप बढ़ने व शीतलहर की अधिक संभावना को देखते हुए जिले के समस्त सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए 7 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। इस आदेश के तहत विद्यालय स्टाफ का समय शिविरा पंचांग के अनुसार रहेगा। साथ ही समस्त परीक्षाओं का समय कार्यक्रम यथावत रहेगा एवं सभी निजी विद्यालयों का समय 9 जनवरी से 15 जनवरी तक सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!