उदयपुर में शनिवार को बियॉन्ड द एक्सपेक्टेड’ थीम पर सजेगा विचारों का वैश्विक मंच, 12 वक्ता साझा करेंगे बदलाव और नवाचार के विचार

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

-आयोजन से लेकर प्रबंधन तक की पूरी जिम्मेदारी विद्यार्थियों के हाथों में
उदयपुर। शहर में विचारों, नवाचार और प्रेरणादायी अनुभवों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। विट्टी इंटरनेशनल स्कूल की ओर से अंतरराष्ट्रीय विचार मंच टेक्नोलॉजी, एंटरटेनमेंट एंड डिजाइन का स्वतंत्र कार्यक्रम 28 नवंबर को गीतांजलि इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल स्टडीज में किया जाएगा। सुबह 9.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की थीम ‘बियॉन्ड द एक्सपेक्टेड’ रखी गई है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 12 प्रतिष्ठित वक्ता अपने अनुभव, विचार और जीवन यात्रा साझा करेंगे।
इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि इसकी पूरी परिकल्पना, योजना, आयोजन और प्रबंधन विट्टी इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा किया जा रहा है। वक्ताओं के चयन, कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, मंच संचालन से लेकर अतिथियों के आतिथ्य सत्कार तक की जिम्मेदारी विद्यार्थियों ने स्वयं संभाली है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, आयोजन प्रबंधन, संवाद कौशल और जिम्मेदारी निभाने का व्यावहारिक अनुभव मिल रहा है।
‘बियॉन्ड द एक्सपेक्टेड’ थीम का उद्देश्य निर्धारित सीमाओं से आगे बढ़कर सोचने, नई संभावनाओं को तलाशने और परंपरागत धारणाओं से हटकर सकारात्मक बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान, सामाजिक समावेशन, नेतृत्व, खेल, युवा सशक्तीकरण, शिक्षा और सार्वजनिक जीवन जैसे विविध विषयों पर विचार साझा किए जाएंगे।
देश-विदेश में पहचान बनाने वाले 12 वक्ता होंगे शामिल
कार्यक्रम में उदयपुर के उद्यमी और आर.के. फॉस्फेट्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अर्पित सिंघवी उद्यमिता, व्यवसाय विस्तार और नवाचार पर अपने विचार रखेंगे। वहीं, युवा पर्यावरण नवप्रवर्तक अव्याना मेहता अपनी टीम के साथ विकसित किए गए प्लास-स्टिक नवाचार की जानकारी देंगी। उनकी टीम ने इमली के बेकार बीजों से ऐसा कम लागत वाला चुंबकीय पाउडर विकसित किया है, जो पेयजल से माइक्रोप्लास्टिक हटाने में सहायक है। इस नवाचार के लिए टीम ने वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित अर्थ प्राइज जीता है और यह सम्मान प्राप्त करने वाली पहली भारतीय टीम बनी।
प्रसिद्ध चिकित्सक, उद्यमी, शिक्षाविद् एवं दिव्यांगजन अधिकारों के पैरोकार डॉ. अरविंदर सिंह स्वास्थ्य सेवाओं, सुगम्यता और सामाजिक समावेशन पर अपने विचार साझा करेंगे। वहीं, भारत की अग्रणी प्लांट-बेस्ड मीट कंपनी गुडडॉट के सह-संस्थापक दीपक परिहार पर्यावरण के अनुकूल उद्यमिता और टिकाऊ व्यवसाय मॉडल पर प्रकाश डालेंगे।
घुड़सवारी विशेषज्ञ एवं मारवाड़ी अश्व विरासत के संवर्धक दिलीप राठौड़ (डिवाइन मैजेस्टी) अनुशासन, नेतृत्व और मानव एवं घोड़े के बीच के अनूठे संबंध पर अपने अनुभव साझा करेंगे। युवा मार्गदर्शक, मोटिवेशनल स्पीकर एवं काउंसलर डॉ. उमंग खत्री विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और अपनी क्षमताओं को पहचानने के लिए प्रेरित करेंगे। माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली भारत की चर्चित महिला पर्वतारोही कृष्णा पाटिल साहस, दृढ़ संकल्प और चुनौतियों पर विजय पाने के अपने अनुभव साझा करेंगी। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी युवा जलवायु कार्यकर्ता लिसिप्रिया कंगुजम पर्यावरण संरक्षण, जलवायु न्याय और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी बात रखेंगी। उन्होंने मात्र छह वर्ष की आयु से पर्यावरण संरक्षण के लिए आवाज उठानी शुरू की थी और संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन सहित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी बात रख चुकी हैं।
पूर्व भारतीय सेना अधिकारी लेफ्टिनेंट वामशी ई. (सेवानिवृत्त), जो सीडीएस परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर दसवीं रैंक हासिल कर चुके हैं, युवाओं के सामने नेतृत्व, अनुशासन, सैन्य मनोविज्ञान और जीवन में चुनौतियों का सामना करने से जुड़े विचार रखेंगे।
युवा प्रतिनिधित्व के रूप में कक्षा 11 की छात्रा समायरा जुनेजा भी वक्ता होंगी। 100 से अधिक मॉडल यूनाइटेड नेशंस सम्मेलनों में भाग ले चुकी समायरा अंतरराष्ट्रीय संबंधों, कूटनीति और वैश्विक मामलों में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगी।
आईआईएम अहमदाबाद के पूर्व विद्यार्थी एवं वंडर सीमेंट के उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंघवी व्यवसाय विकास, रणनीतिक सोच और नेतृत्व के अनुभव साझा करेंगे। वहीं, राजसमंद विधायक एवं भाजपा की वरिष्ठ जनप्रतिनिधि दीप्ति किरण माहेश्वरी महिला सशक्तीकरण, जनसेवा, नेतृत्व और सार्वजनिक जीवन में प्रबंधन की भूमिका पर अपने विचार रखेंगी।
विद्यार्थियों के नेतृत्व में तैयार हुआ वैश्विक मंच
यह आयोजन टेक्नोलॉजी, एंटरटेनमेंट एंड डिजाइन संगठन की एक स्वतंत्र पहल है, जिसके माध्यम से स्थानीय समुदायों को स्थानीय शैली में अपने कार्यक्रम आयोजित करने का अवसर मिलता है। प्रसार के योग्य विचार’ की मूल भावना के साथ विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एक मंच पर लाकर नए विचारों, रचनात्मक संवाद और सकारात्मक बदलाव को प्रोत्साहित करते हैं। विद्यार्थियों ने यह साबित करने का प्रयास किया है कि युवा केवल विचारों के श्रोता ही नहीं, बल्कि बड़े आयोजनों के कुशल नेतृत्वकर्ता और बदलाव के वाहक भी बन सकते हैं। यह आयोजन शहर के विद्यार्थियों, शिक्षाविदों, उद्यमियों और विचारशील लोगों के लिए प्रेरणा, संवाद और नए दृष्टिकोणों का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!