बाल विवाह रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान आयोजित

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 27 नवंबर। बाल अधिकारिता विभाग एवं चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बाल विवाह की कुरीतियों और रोकथाम को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को बाल विवाह के दुष्प्रभावों, कानूनी प्रावधानों तथा आपातकालीन सहायता प्रणाली के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक गौरव सारस्वत ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि कम उम्र में विवाह होने से बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। वक्ताओं ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई और सजा के प्रावधानों की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने विद्यार्थियों को हेल्पलाइन नंबर 1098 की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया कि बाल विवाह, शोषण या किसी भी संकट की स्थिति में वे स्वयं या अन्य नागरिक निसंकोच इस टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों को बाल विवाह न करने और समाज में इसके विरुद्ध जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षकगण, संरक्षण अधिकारी राजकुमार जीनगर, चाइल्ड हेल्पलाइन से समन्वयक नवनीत औदीच्य, मोइन पिंजारा, मोहन लाल लोहार, रणवीर सालवी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!