हंकार और अभिमान से दूर रहने में ही व्यक्ति की गरिमा : प्रशांत अग्रवाल

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

‘अपनों से अपनी बात’ कार्यक्रम में सुनाया भगवान गणेश और कुबेर के अहंकार का प्रसंग

उदयपुर, 27 नवम्बर। नारायण सेवा संस्थान में शुक्रवार को आयोजित ‘अपनों से अपनी बात’ कार्यक्रम में संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि अहंकार और अभिमान व्यक्ति की गरिमा को कम करते हैं। पद, प्रतिष्ठा और धन का अभिमान करने के बजाय व्यक्ति को सदैव विनम्रता बनाए रखनी चाहिए।

संकष्टी चतुर्थी के अवसर पर उन्होंने भगवान गणेश और धन के देवता कुबेर से जुड़ा प्रेरक प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि कुबेर को अपने अपार धन-वैभव का अहंकार हो गया था। अपने वैभव का प्रदर्शन करने के लिए उन्होंने भव्य भोज आयोजित किया और भगवान शिव-पार्वती को आमंत्रित करने कैलाश पहुंचे। भगवान शिव ने स्वयं आने के बजाय बालक गणेश को भेज दिया।

भोज में पहुंचे भगवान गणेश ने देखते ही देखते समस्त पकवान और भोजन भंडार समाप्त कर दिए, लेकिन उनकी भूख शांत नहीं हुई। विवश होकर कुबेर भगवान शिव के पास पहुंचे। शिवजी की सलाह पर माता पार्वती ने उन्हें एक मुट्ठी अनाज दिया। गणेशजी को अर्पित करते ही वे तृप्त हो गए।

प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि इस प्रसंग से सीख मिलती है कि धन और वैभव से बड़ा विनम्रता का गुण है। अहंकार व्यक्ति को छोटा बनाता है, जबकि विनम्रता उसकी वास्तविक पहचान और गरिमा बढ़ाती है।

 

कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से निःशुल्क दिव्यांगता सुधारात्मक सर्जरी एवं कृत्रिम अंगों के लिए आए दिव्यांगजन और उनके परिजन उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!