अधिकारों के लिए घर-घर जाकर हमें संविधान के मूल्यों को समझाना जरुरी: काले

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

संविधान दिवस: संवैधानिक अधिकार जनजागृति संस्थान व सर्व समाज की ओर से आयोजित हुआ समारोह
उदयपुर। घर-घर जाकर हमें संविधान के मूल्यों को समझाना होगा, तभी हम संविधान में निहित अधिकारों को पा सकेंगे और उनकी रक्षा कर पाएंगे। अब केवल संविधान की जयकार से काम नहीं चलेगा, संविधान जीवन मूल्य है जिसे जानना और समझना भी होगा। दुनिया के सबसे समृद भारत के संविधान को समझने के लिए हमें इसके इतिहास को जानना पडेगा क्योंकि संविधान हमारे समर्थन में है, लेकिन व्यवस्था हमारे विरोध में है।
संवैधानिक अधिकार जनजागृति संस्थान व सर्व समाज की ओर से गुरुवार को यहां सुखाडिया रंगमंच पर आयोजित 77वां संविधान दिवस समारोह में मुख्य वक्ता यूनिटी ऑफ मूलनिवासी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलाकांत काले ने यह विचार रखे। प्रारंभ में संवैधानिक अधिकार जनजागृति संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष गणेशलाल रायकवाल ने सभी का स्वागत किया।
श्री काले ने कहा कि अब हमें संविधान दिवस को लोकोत्सव व राष्ट्रीय उत्सव के रुप में मनाने की शुरुआत करनी होगी क्योंकि संविधान किसी एक संगठन या समाज तक सीमित नहीं है। यह दिवस सम्मान व गौरव के साथ ही यह समीक्षा करने का भी है कि असल में जो संविधान में हमें जो अधिकारी मिले वे वास्तविक रुप से प्राप्त हुए भी है या नही। बाबा साहेब अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से एक संकल्प निर्धारित किया था वह एक एक दल, एक समाज या संगठन के सामने नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के सामने एक स्वर्णिम भारत के लिए रखा था। 77 सालों में स्वर्णिम भारत व एक नए राष्ट्र के निर्माण के लिए हम कितने आगे बढे यह जानने व समझने की जरुरत है।
श्री काले ने कहा कि आज यह सोचकर बडी हैरत होती है कि संविधान को लागू करने का भी मूहूर्त निकाला गया और संविधान को लागू करने के बाद उसकी कुंडली तैयार की गई। उसी के आधार पर संविधान 26 नवंबर को लागू करने की बजाय 26 जनवरी को लागू किया गया। 15 अगस्त को देश स्वतंत्र करने की तारीख को भी अशुभ बताया गया, लेकिन माउंट बेटन ने माथा पकड लिया और यह  कहा कि गुलामी से स्वतंत्रता की ओर जाने में भी मुहूर्त निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान सभा में राजस्थान के 12 सदस्य थे जिनमें एक भी एससी, एसटी, ओसीबी या अल्पसंख्यक वर्ग से नहीं था। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने जिन लोगों के हितों के लिए संविधान में व्यवस्था दी उन लोगों को तो कम से कम संविधान पढने व समझने की जरुरत है।
संवैधानिक अधिकार जनजागृति संस्थान की मानद सदस्य माया बजाड़ ने समारोह का उद्घाटन करते हुए कहा कि पढाई का मतलब केवल शिक्षा नहीं है, बल्कि सभी तरह से परिपूर्ण होना है। संविधान के अधिकारों को पाने के लिए धरातल पर काम करना होगा केवल जयकारों से काम नहीं चलेगा। जेन जी को भी वर्तमान स्थितियों को समझकर काम करना होगा, क्योंकि हमारे पास पुरखो की जमीन जायदाद, धन व संपत्ति नहीं है।
अध्यक्षता करते हुए संस्थापक अध्यक्ष गणेशलाल रायकवाल ने कहा कि आज कई लोग दावा करते है कि बाबा साहेब को संविधान सभा में लेने का सुझाव उनका था, जबकि बाबा साहेब अपनी योग्यता के बल पर संविधान सभा में आए। बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर के ड्राफ्टिंग कमेटी के चेयरमेन बनने पर एडविना माउन्ट बेटन जो अन्तिम वायसराय माउन्ट बेटन की पत्नी थी ने बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर को उनके राजगृह के पते पर एक धन्यवाद पत्र लिखा था। उस समय के भारतीय नेताओं के पूछने पर कि भारत का संविधान लिखवाना है, इस पर आयरलैंड फ्रिडम फाइटर व 1937 में आयरलैंड का संविधान लिखने वाले मिस्टर वेलारा ने बाबासाहेब डॉ. अम्बेडकर की विद्वता के कारण उनका नाम बताया था, वो किसी भारतीय के कहने पर नामित नहीं हुए थे।
विशिष्ट अतिथि संगठन के मानद सदस्य प्रो. भैरुलाल सालवी ने कहा कि हमें यह आत्मचिंतन करने की जरुरत है कि संविधान में प्रदत्त अधिकारों और इतने सालों के बाद भी इतनी सारी समस्याएं क्यों हैं। सामाजिक जीवन में पिछडों को समान अवसर नहीं मिलना व आर्थिक असमानता चिंता का विषय है। ओबीसी वर्ग के लिए संघर्ष कर रहे अरूण जांगिड ने कहा कि हमारा दुश्मन निर्धारित है, लेकिन पहचान नहीं है। ओबीसी को कई फैसलों से भ्रमित किया जा रहा है, जबकि उसको अब जागने की जरुरत है। अब हमें दुपट्टे पहनने वाले लोगों की बजाए संविधान को समझने वाले कार्यकर्ता चाहिए।
समारोह में संस्थान के संरक्षक मंडल के चेयरमेन डॉ. भगवतीलाल दशोरा, आजीवन संरक्षक सदस्य डालचंद मेघवाल, प्रो. आमोश मीणा कार्यकारिणी सदस्य, डॉ. फिनी फिलिप डायरेक्टर सेंट मैथ्यूज एजुकेशनल बोर्ड-प्रिंसिपल फिलाडेल्फिया इंस्टीट्यूट ऑफ ग्लोबल स्टडीज, मीडिया प्रभारी एडवोकेट पीआर सालवी, रोशनलाल मेघवाल, मोहम्मद अनिश, आजीवन सदस्य घनश्याम वर्मा आदि ने भी अपने विचार रखे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!