भक्त नरसी जी के मायरे का भावपूर्ण वर्णन सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

फतहनगर। महेश कॉलोनी स्थित  प्रह्लाद राय मंडोवरा के निवास स्थान पर मेवाड़ के प्रखर कथा प्रवक्ता श्री माणकचंद मेनारिया के सानिध्य में 20 से 23 नवंबर तक आयोजित श्रीमद् कथा के तीसरे दिन भक्त नरसी जी के भक्तिमय जीवन एवं मायरा प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया।

कथा में व्यासपीठ से माणकचंद मेनारिया ने भक्त नरसी जी के जीवन प्रसंगों का वर्णन करते हुए मायरा कथा में प्रवेश किया। उन्होंने अंजान नगर से नानीबाई द्वारा अपने पिता नरसी जी को भेजे गए विवाह के मार्मिक निमंत्रण का भावपूर्ण वाचन किया। उन्होंने बताया कि मायरे की सूची और पत्रिका प्राप्त होने पर भक्त नरसी जी ने उसे तुलसीपत्र एवं चंदन तिलक के साथ भगवान द्वारकाधीश को समर्पित कर मायरा भरने की संपूर्ण जिम्मेदारी प्रभु को सौंप दी।

कथा के दौरान टूटी बैलगाड़ी में साधुओं के साथ मायरा लेकर रवाना हुए नरसी जी का प्रसंग सुनाया गया। रास्ते में बैलगाड़ी टूटने पर भगवान द्वारा किशना खाती का रूप धारण कर बैलगाड़ी ठीक करने और सारथी बनकर नरसी जी के साथ अंजान नगर पहुंचने का सजीव चित्रण किया। जनवासे की दुर्दशा, पिता-पुत्री के मिलन तथा नरसी जी के अटूट विश्वास का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।

व्यासजी ने भगवान की सर्वव्यापकता, सृष्टि निर्माण तथा द्रौपदी और अजामिल सहित अनेक भक्तों पर प्रभु की कृपा के प्रसंगों का भी वर्णन किया। उन्होंने बताया कि सच्चे भक्त का विश्वास कभी व्यर्थ नहीं जाता और भगवान अपने भक्त की लाज रखने के लिए स्वयं दौड़े चले आते हैं। नरसी जी के स्वागत एवं उनके लिए भगवान द्वारा मायरा लेकर आने के प्रसंग का मार्मिक वर्णन किया गया।

व्यासजी ने परमात्मा के प्रति पूर्ण समर्पण का महत्व बताते हुए महाभारत के द्यूतक्रीड़ा प्रसंग का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पांडवों ने यदि उस समय भगवान पर पूर्ण विश्वास करते हुए द्यूतक्रीड़ा की जिम्मेदारी उन्हें सौंप दी होती, तो उनकी पराजय नहीं होती। जब कौरवों ने पासा चलाने के लिए शकुनि को आगे किया, उस समय पांडव भगवान को अधिकृत कर देते तो परिणाम कुछ और ही होता।

कथा के अंत में सामूहिक आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कथा के आगामी दिन का समय प्रातः 9 से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!