जींद/हिसार, 20 नवंबर।
ढांडा खाप के प्रबुद्ध पंचायतियों की एक अहम बैठक शुक्रवार को मास्टर चंद्रप्रकाश ढांडा (मिर्चपुर) की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए देवव्रत ढांडा को ढांडा खाप के प्रधान पद से बर्खास्त कर दिया गया। साथ ही खाप के 150 गांवों में जन-जागरण अभियान चलाने और निष्पक्ष तरीके से पुनः प्रधान पद का चुनाव करवाने के लिए 51 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।
बैठक में वक्ताओं ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि 15 नवंबर को खाप के चबूतरे पर चुनाव के लिए बैठक बुलाई गई थी, लेकिन बिना किसी सर्वमान्य सहमति और केवल 35-40 समर्थकों की मौजूदगी में देवव्रत ढांडा ने स्वयं को प्रधान घोषित कर लिया, जिसका मौके पर ही बहिष्कार किया गया। पंचायतियों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और निजी स्वार्थ के चलते खाप की गरिमा को ठेस पहुंचाई जा रही है। पूर्व में जींद स्थित जाट धर्मशाला के चुनाव विवाद से भी खाप की छवि प्रभावित हुई। सर्वसम्मति से तय हुआ कि आगामी चुनाव में किसी गैर-राजनीतिक व्यक्ति को ही खाप की कमान सौंपी जाएगी, ताकि खाप सामाजिक सरोकारों और अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़ी हो सके।
नवगठित 51 सदस्यीय कमेटी में विभिन्न गांवों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। इनमें मेवा सिंह सरपंच धनोरी, दर्शन ढांडा, बलबीर सिंह प्रधान, दिलबाग ढांडा, राजेश ढांडा, नरेंद्र सिंह ढांडा गतोली, विनोद ढांडा खड़कड़ा, दीपा धनोरी, शमशेर सिंह ढांडा खरक रामजी, संदीप भारती बुढाना, ओमप्रकाश बुढाना, विक्की गतोली, किताब सिंह ढांडा खेड़ी, कर्मबीर वजीर, रामपाल संगतपुरा, जगदीश, लीला राम सूबेदार, बलबीर सूबेदार खरक रामजी, रमेश महलान, बलवान किठाना, कुलदीप ढांडा, तेजी ढांडा, दिलबाग बीलू, सतबीर और दीप ढांडा प्रमुख रूप से शामिल हैं।
