टीम स्पर्धाओं में सीटीएई एवं आरसीए का उत्कृष्ट प्रदर्शन- डॉ. विक्रमादित्य दवे

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

एमपीयूएटी की अंतर महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का प्रथम चरण सम्पन्न
उदयपुर, 03 नवम्बर 2026। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर की अंतर महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का प्रथम चरण सभी संघटक महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिकारी एवं खेल मंडल के अध्यक्ष डॉ. विक्रमादित्य दवे ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के प्रथम चरण में बैडमिंटन, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, लॉन टेनिस, कुश्ती एवं शतरंज की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इन प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय के सभी सात संघटक महाविद्यालयों, जिनमें कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग (सीटीएई), राजस्थान कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर (आरसीए), कॉलेज ऑफ कम्युनिटी एंड एप्लाइड साइंसेज (सीसीएएस), कॉलेज ऑफ डेयरी एंड फूड टेक्नोलॉजी (सीडीएफटी), कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, भीलवाड़ा, कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, डूंगरपुर तथा कॉलेज ऑफ फिशरीज के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

टीम स्पर्धाओं में बैडमिंटन में राजस्थान कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर (आरसीए) की टीम विजेता रही, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस एवं शतरंज में कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग (सीटीएई) की टीमों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के प्रथम चरण के अंतिम दिन कुश्ती प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इसमें 57 kg, 61 kg, 65 kg, 70 kg, 74 kg, 79 kg, 86 kg, 92 kg, 97 kg, and 125 kg  सहित विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले आयोजित हुए। विभिन्न भार वर्गों में सीटीएई, आरसीए एवं कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, भीलवाड़ा के विद्यार्थियों ने विजेता स्थान प्राप्त किए।

कुश्ती प्रतियोगिता के अंतिम दिन विश्वविद्यालय के माननीय कुलगुरु प्रो. प्रताप सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उनकी उपस्थिति से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा तथा प्रतियोगिता का उत्साह और अधिक बढ़ गया।

डॉ. दवे ने सभी संघटक महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा, टीम भावना, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिलता है।

सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन खेल सचिव डॉ. वीरेन्द्र सिंह, पूर्व खेल सचिव श्री सोमशेखर व्यास तथा खेल प्रबंधक डॉ. केवल चंद सीरवी के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में किया गया।

प्रतियोगिता के प्रथम चरण का सफल आयोजन विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति, शारीरिक स्वास्थ्य एवं विद्यार्थियों में खेल भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!