उदयपुर, 03 नवम्बर 2026। एमपीयूएटी के छात्र कल्याण अधिकारी एवं खेल मंडल अध्यक्ष डॉ. विक्रमादित्य दवे ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत केंद्र, उदयपुर के सहयोग से युवा संवाद एवं युवा संसद 2027 नामक दो कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय राज्यसभा सांसद श्री चुन्नीलाल गरासिया उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ विकसित भारत 2047 के संकल्प में युवाओं की भूमिका विषय पर संवाद किया। इस दौरान उदयपुर के विभिन्न महाविद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने उनसे अनेक प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गजपाल सिंह राठौड़ उपस्थित रहे।
युवा संवाद कार्यक्रम के पश्चात युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का विषय “एक राष्ट्र, एक चुनाव” रखा गया था। इस प्रतियोगिता में महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर के संघटक महाविद्यालय, कॉलेज ऑफ डेयरी एंड फूड टेक्नोलॉजी (CDFT) के विद्यार्थी श्री कुनिक अग्रवाल का युवा संसद-2027 के द्वितीय चरण के लिए चयन हुआ है। प्रतियोगिता का द्वितीय चरण जयपुर में आयोजित किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें आगामी चरण के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस उपलब्धि पर डॉ. विक्रमादित्य दवे ने श्री कुनिक अग्रवाल को हार्दिक बधाई देते हुए आगामी चरण के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में नैतिक सहयोग एवं प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति डॉ. प्रताप सिंह का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर माय भारत केंद्र के युवा अधिकारी श्री समीर खान, खेल सचिव डॉ. वीरेंद्र सिंह एवं पूर्व खेल सचिव श्री सोमशेखर व्यास भी उपस्थित रहे।
