– बालिकाओं को 450 सेनेटरी नैपकिन, जरूरतमंद विद्यार्थियों को 60 स्कूल बैग, 30 जूट बैग एवं 700 कॉपियां वितरित
उदयपुर, 27 अक्टूबर। महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दादिया, गोगुंदा, मदार एवं लोयरा सहित विभिन्न विद्यालयों में सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, वित्तीय साक्षरता एवं सुरक्षित भविष्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र के अध्यक्ष रविंद्र सुराणा ने बताया कि विद्यालयों में बालिकाओं को 450 सेनेटरी नैपकिन, मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को 60 स्कूल बैग, 30 जूट बैग तथा 700 कॉपियों का वितरण किया गया। सेनेटरी नैपकिन वितरण के दौरान बालिकाओं को मासिक धर्म के समय स्वच्छता बनाए रखने, सेनेटरी पैड का सुरक्षित उपयोग करने तथा उचित तरीके से निस्तारण करने के बारे में जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी शिक्षा में आने वाली बाधाओं को कम करना है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को थैलेसीमिया जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त भारत, पृथ्वी को जानो, जल संरक्षण एवं पानी की बचत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरित किया गया। साथ ही बैंक में खाता खोलने की प्रक्रिया, नियमित बचत के लाभ, बैंक ऋण की जानकारी तथा बैंकिंग फ्रॉड से बचने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध करियर विकल्पों एवं भविष्य में उचित विषयों का चयन करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा ने बताया कि संवादात्मक कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप जूट बैग प्रदान किए गए, जिससे उनमें पर्यावरण के अनुकूल वस्तुओं के उपयोग के प्रति रुचि विकसित हो सके।
– ट्रैफिक पुलिस को प्रदान की छतरियां
महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र द्वारा सेवा गतिविधियों के अंतर्गत ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को धूप एवं बारिश से बचाव के लिए 48 इंच की छतरियां भी प्रदान की गईं। यह वितरण आईपीएस श्री भंवरलाल चौधरी की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा, सचिव वीर सुरेश बाड़ीवाल, पूर्व अध्यक्ष एवं मार्गदर्शक वीर वर्धमान मेहता तथा वीर नरेंद्र खाबिया उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य कठिन मौसमी परिस्थितियों में यातायात व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों को राहत प्रदान करना है।
– रेजीडेंसी स्कूल में भी आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
इसी क्रम में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, रेजीडेंसी स्कूल में भी जागरूकता एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका लाभ लगभग 550 विद्यार्थियों ने लिया। यहां विद्यार्थियों को कॉपियां, सेनेटरी नैपकिन, जूट बैग एवं स्कूल बैग वितरित किए गए। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और वित्तीय जागरूकता से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक के फाइनेंशियल काउंसलर श्री राजेंद्र कुमार वर्डिया ने विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ जीवनोपयोगी ज्ञान प्रदान करना, बालिकाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनमें जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना है। केंद्र भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में अध्यक्ष रविंद्र सुराणा, सचिव सुरेश बाड़ीवाल एवं नरेंद्र खाबिया ने सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र ने चार विद्यालयों में आयोजित किए सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम
