अनंत नवशक्ति अवॉर्ड्स 2026
अनंत फाउंडेशन की संस्थापक निशा जैन की ओर से आयोजित अनंत नवशक्ति अवॉर्ड्स 2026 में नौ प्रतिष्ठित महिलाओं का सम्मान
उदयपुर। महिलाओं की प्रतिभा, संघर्ष, उपलब्धियों और समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से अनंत फाउंडेशन की संस्थापक निशा जैन की ओर से ‘अनंत नवशक्ति अवॉर्ड्स 2026’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली नौ प्रतिष्ठित महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मूल भावना को दर्शाती टैगलाइन “9 शक्ति – 9 कहानियाँ – 9 सम्मान” के माध्यम से नारी शक्ति के नौ अलग-अलग स्वरूपों, उनकी प्रेरणादायक यात्राओं और उपलब्धियों को सम्मान देने का संदेश दिया गया।
इस विशेष अवसर पर सम्मानित होने वाली महिलाओं में ज्योतिषाचार्य तारा जी सालवी, श्रीमती शीला हिंगर, डॉ. टीना ज्ञान सिंह, श्रीमती अर्पिता जैन, डॉ. बलदीप शर्मा, श्रीमती सुनीता भंडारी, श्रीमती प्रियंका व्यास, श्रीमती शीतल जी शेखावत एवं श्रीमती हेमलता साहू शामिल रहीं।
समारोह के दौरान अनंत फाउंडेशन की संस्थापक निशा जैन ने सभी नौ सम्मानित महिलाओं को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, लायंस इंटरनेशनल निलांजना क्लब की अध्यक्ष नेहा नाहटा ने सभी सम्मानित महिलाओं को उपरना ओढ़ाकर एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। सम्मान की इस गरिमामयी परंपरा ने महिलाओं के प्रति आदर, कृतज्ञता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया।
अनंत फाउंडेशन की संस्थापक निशा जैन की पहल का उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को मंच प्रदान करना, उनकी प्रेरणादायक कहानियों को समाज के सामने लाना और अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह सम्मान समारोह इस विचार को सशक्त करता है कि प्रत्येक महिला अपने भीतर एक शक्ति रखती है और उसकी कहानी समाज के लिए प्रेरणा बन सकती है।
अनंत नवशक्ति अवॉर्ड्स 2026 केवल सम्मान का आयोजन नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, सामर्थ्य और सामाजिक योगदान को पहचान देने की एक सार्थक पहल है।
