राजसमंद में होगा लोकमंथन यात्रा का भव्य स्वागत

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

लोक संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक चेतना के संगम के रूप में आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम
‘हम भारत के लोग’ विषय पर संगोष्ठी होगी प्रमुख आकर्षण

राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक लोक परंपराओं, लोक कलाओं और सामाजिक चेतना को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से निकाली जा रही लोकमंथन यात्रा के तीसरे चरण के अंतर्गत शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को राजसमंद जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लोकमंथन यात्रा के राजसमंद जिले में आगमन पर ग्रामीण अंचल से लेकर जिला मुख्यालय तक विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा मेवाड़ की पारंपरिक लोक संस्कृति के अनुरूप स्वागत किया जाएगा। दिनभर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण, पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन, बाल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।

प्रभात ग्राम काछबली में पारंपरिक स्वागत एवं ग्राम संस्कृति का परिचय : लोकमंथन यात्रा के राजसमंद जिले में प्रवेश करने पर सुबह 10 बजे प्रभात ग्राम काछबली में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय लोक संस्कृति और ग्राम्य जीवन की परंपराओं का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत गौ पूजन, बावड़ी पूजन, कलश यात्रा, ग्राम दर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

लोकमंथन यात्रा अपराह्न 4 बजे राजसमंद जिला मुख्यालय पहुँचेगी। यहाँ फव्वारा चौक, राजनगर; राठासेन माता मंदिर के सामने, कांकरोली; तथा विद्या निकेतन स्कूल, गुड़ली, कांकरोली में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा मेवाड़ की लोक संस्कृति के अनुरूप यात्रा का स्वागत किया जाएगा। स्वागत कार्यक्रमों के पश्चात विद्या निकेतन स्कूल के खेल मैदान में पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें कबड्डी एवं रस्साकशी प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

इसके पश्चात विद्या निकेतन स्कूल, गुड़ली, कांकरोली में सायं 6 बजे बाल केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बच्चों की सहभागिता के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक विरासत, देशभक्ति और लोक परंपराओं से जुड़ाव को प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यक्रम में सामूहिक वंदे मातरम् गायन, लोककथा, लोकनृत्य, पारंपरिक वाद्य यंत्र, लोक वेशभूषा एवं इतिहास प्रदर्शनी के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया जाएगा।

‘हम भारत के लोग’ विषय पर होगी संगोष्ठी : रात्रि 8 बजे विद्या निकेतन स्कूल, गुड़ली, कांकरोली में ‘हम भारत के लोग’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। संविधान की प्रस्तावना में उल्लिखित इन शब्दों के माध्यम से भारतीय लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्यों और सामूहिक राष्ट्रीय चेतना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। संगोष्ठी में विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के मूल भाव, नागरिकों की सामूहिक भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण में समाज की सहभागिता पर विचार साझा किए जाएंगे।

लोकमंथन यात्रा इससे पूर्व जोधपुर एवं जयपुर प्रांत में अपने दो चरण पूर्ण कर चुकी है। अब यात्रा के तीसरे चरण में चित्तौड़ प्रांत के विभिन्न जिलों से होती हुई झालावाड़ पहुँचेगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!