—2 अक्टूबर को सांसद डॉ. रावत की अध्यक्षता में होगा शुभारंभ समारोह
—चार दिवसीय मेले में नजर आएगा उद्यमशीलता का जज्बा
उदयपुर, 29 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के मंत्र ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ की अवधारणा को केंद्र में रखकर उदयपुर में 2 से 5 अक्टूबर तक आरसीए मैदान में होने जा रहे चार दिवसीय स्वदेशी मेले ने आकार लेना शुरू कर दिया है। आरसीए मैदान में मेले के लिए भव्य डोम तैयार किए जा रहे हैं और विभिन्न श्रेणियों के उत्पादों के स्टॉल लगाने की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। मेला शहरवासियों के लिए खरीदारी का अवसर देने के साथ ही विद्यार्थियों, युवाओं, महिला उद्यमियों और व्यवसाय शुरू करने की इच्छा रखने वालों के लिए उद्यमशीलता की सोच विकसित करने वाला मंच बनने जा रहा है।
मेला संयोजक मनोज जोशी ने बताया कि मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी मौजूद रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत करेंगे। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) के कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह, उदयपुर नगर निगम के महापौर पारस सिंघवी विशिष्ट अतिथि होंगे। उद्घाटन अवसर पर एमडीएस स्कूल की 150 छात्र—छात्राएं समवेत स्वर में वंदे मातरम का गायन करेंगी।
मेला प्रशासनिक अधिकारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के दिशा—निर्देशन में होने जा रहे इस मेले का उद्देश्य केवल स्वदेशी उत्पादों की बिक्री तक सीमित नहीं है। आयोजन के माध्यम से लोगों में उद्योग, व्यवसाय और उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं में उद्यमशीलता का विजन विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। जिस व्यक्ति में उद्यम करने का थोड़ा भी जज्बा है, उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा और संभावनाओं से परिचित कराना मेले का प्रमुख उद्देश्य है। यहां अलग-अलग क्षेत्रों के उद्यमियों, उत्पादकों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों को एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
शर्मा ने बताया कि मेवाड़ क्षेत्र के प्रमुख उद्योग हिन्दुस्तान जिंक, मिराज, पेस्टीसाइड इंडिया, लिब्रा, सिक्योर मीटर, वोलकेम और ओसावा ग्रुप सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सहभागिता रहेगी। होटल इंडस्ट्री, ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री और आयुष क्षेत्र से जुड़े उत्पाद और संस्थान भी मेले में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। एमपीयूएटी के विभिन्न विभागों की ओर से भी उन्नत उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। जागरूकता के लिए स्वच्छ भारत अभियान की विशेष झांकी भी बनाई जाएगी।
फतह स्कूल में पार्किंग, मेला स्थल तक निःशुल्क ई-रिक्शा
मेले में आने वाले हजारों आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आरसीए ग्राउंड के सामने स्थित फतह स्कूल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आगंतुक अपने वाहन फतह स्कूल में पार्क कर सकेंगे और वहां से मेला परिसर तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा की निःशुल्क सेवा उपलब्ध रहेगी। इससे पार्किंग स्थल से आरसीए मैदान तक आने-जाने में लोगों को सुविधा मिलेगी और मेला परिसर के आसपास वाहनों का दबाव भी कम करने में मदद मिलेगी।
महिला चालक संभालेंगी निःशुल्क ई-रिक्शा सेवा की कमान
इस व्यवस्था की सबसे खास बात यह होगी कि ई-रिक्शा का संचालन उदयपुर के महिला समूह ‘पिंक परी क्लब’ से जुड़ी महिला चालक करेंगी। समूह की सभी चालक महिलाएं हैं। मेला समिति के अनुसार महिला चालकों को इस व्यवस्था से जोड़ना महिला सशक्तीकरण की दिशा में पहल है। इससे मेले में आने वाली महिलाओं, छात्राओं और परिवारों को भी सकारात्मक संदेश मिलेगा कि उद्यम और रोजगार के नए अवसरों में महिलाएं सक्रिय भूमिका निभा सकती हैं।
