बीसीआई युवा का ब्लॉकचेन एजुकेशन सेशन संपन्न, डिजिटल फाइनेंस और क्रिप्टोकरेंसी की बारीकियों से रूबरू हुए प्रतिभागी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

मनी के डेवलपमेंट से लेकर ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी और फाइनेंस के भविष्य तक दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

उदयपुर। बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के बीसीआई युवा चैप्टर की ओर से ब्लॉकचेन एजुकेशन सेशन अशोका पैलेस, 100 फीट रोड, शोभागपुरा स्थित मधुश्री हॉल में आयोजित किया गया। सेशन में तेज एक्स क्रिप्टो एक्सचेंज की टीम ने युवाओं, व्यापारियों और टेक्नोलॉजी में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों को ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी, क्रिप्टोकरेंसी और डिजिटल फाइनेंस की बदलती दुनिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने कार्यक्रम को लेकर कहा कि वर्तमान दौर में तकनीक और डिजिटल इकोनॉमी तेजी से नए आयाम स्थापित कर रही हैं। ऐसे में युवाओं को भविष्य की तकनीकों से परिचित कराना समय की आवश्यकता है। बीसीआई का उद्देश्य केवल बिजनेस नेटवर्किंग तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को ज्ञान, नवाचार और आधुनिक तकनीक से जोड़कर नए अवसरों के लिए तैयार करता है।

बीसीआई युवा की प्रेसिडेंट मीनाक्षी पालीवाल ने कहा कि इस एजुकेशन सेशन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को ब्लॉकचेन और क्रिप्टोकरेंसी जैसे आधुनिक विषयों की सही एवं व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना था। आज के समय में डिजिटल फाइनेंस को समझना बेहद जरूरी है और इस तरह के शैक्षणिक आयोजन युवाओं को नई तकनीकों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सेशन के मुख्य ट्रेनर एवं तेज एक्स क्रिप्टो एक्सचेंज के फाउंडर एवं सीईओ तेजेंद्र साहू ने प्रतिभागियों को विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि किस प्रकार मनी का स्वरूप समय के साथ बदलता गया और आधुनिक अर्थव्यवस्था में ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने ब्लॉकचेन की कार्यप्रणाली, क्रिप्टोकरेंसी की मूल अवधारणा, इसके व्यावहारिक उपयोग और भविष्य की फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी पर सरल उदाहरणों के माध्यम से प्रकाश डाला। सेशन में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

तेज एक्स क्रिप्टो मैनेजमेंट टीम के हेड मुरलीधर साहू ने क्रिप्टो मैनेजमेंट और इसके संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। मार्केटिंग सुपरवाइजर देवेंद्र साहू ने डिजिटल फाइनेंस के क्षेत्र में मार्केटिंग और जागरूकता की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं आईटी टीम हेड दीपेश साहू ने ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी के तकनीकी पहलुओं और इसके आईटी आधारित उपयोगों की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में बीसीआई युवा की प्रेसिडेंट मीनाक्षी पालीवाल, वाइस प्रेसिडेंट रोहित पालीवाल, सेक्रेटरी अंकुश रांका, बीसीआई उत्सव के प्रेसिडेंट संजीव पटवा एवं गिरीश शर्मा सहित दीप्ति पांडे, दिनेश मीणा और सिपाही लाल उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!