जीत का सेहरा सेवा का अवसर मानकर जनसेवा में जुटें : नितिन नवीन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

फतहनगर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि चुनाव में मिली जीत को केवल राजनीतिक सफलता के रूप में नहीं, बल्कि जनसेवा का अवसर मानकर आगे बढ़ना चाहिए। गरीब व्यक्ति में नारायण का स्वरूप देखते हुए सेवा के संकल्प के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।

नितिन नवीन जयपुर के दादिया में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय का विचार दिया था। उनका मानना था कि दीपक की पहचान इस बात से होती है कि उसने कितनी दूर तक उजाला पहुंचाया। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विभिन्न योजनाओं को इस प्रकार लागू किया जा रहा है कि अंत्योदय की भावना को धरातल तक पहुंचाया जा सके। पंचायतीराज एवं नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि इस विचार को गांव और वार्ड स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ‘पंचायत से पार्लियामेंट तक भगवा लहराए’ की भावना के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को त्याग, सेवा और तप की भावना से जुड़ा बताते हुए कहा कि वे लगातार जनता की सेवा के लिए तत्पर रहे हैं। उन्होंने निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि 309 निकायों में भाजपा ने 200 से अधिक निकायों में जीत हासिल की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जीत का सेहरा सिर पर बंधा है, इसलिए इसे सेवा के अवसर के रूप में लेते हुए जनता के बीच सक्रियता से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यप्रणाली ऐसी हो कि जनता का संगठन एवं जनप्रतिनिधियों से निरंतर जुड़ाव बना रहे।

फतहनगर-सनवाड़ व मावली से कार्यकर्ताओं ने की भागीदारी: पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के इस कार्यक्रम में फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका एवं मावली क्षेत्र से भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इनमें भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार खटीक, फतहनगर-सनवाड़ चेयरमैन प्रत्याशी के पति एवं समाजसेवी विकास सोनी, मावली चेयरमैन राकेश मीणा, मंडल महामंत्री अशोक मोर, नवनिर्वाचित पार्षद भँवर लाल बैरवा, धर्मेंद्र गुर्जर एवं राजेंद्र सोनी सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने समारोह में भाग लेकर संगठन के वरिष्ठ नेताओं के संबोधन को सुना तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय एवं जनसेवा के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!