नगरीय निकाय चुनाव – 2026
उपाध्यक्षीय पदों पर चुनाव के साथ निकायों की निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण
मावली में लॉटरी से हुआ फैसला
उदयपुर, 22 सितम्बर। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशन में चल रही नगरीय निकाय चुनाव प्रक्रिया मंगलवार को निकायों के उपाध्यक्षीय पदों के लिए हुए चुनाव के साथ संपन्न हुई। उदयपुर नगर निगम सहित जिले की सभी नगरपालिकाओं में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपादित हुई। उदयपुर में भाजपा प्रत्याशी दिनेशचंद्र भट्ट नए उपमहापौर चुने गए। मावली में अध्यक्ष की तरह ही उपाध्यक्ष पद का फैसला भी लॉटरी से हुआ।

जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम उदयपुर सहित भींडर, वल्लभनगर, कानोड़, मावली एवं फतहनगर सनवाड नगरपालिकाओं में मंगलवार सुबह 10 बजे से उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ हुई। सुबह 11 बजे तक नामांकन हुआ, इसके बाद नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई। दोपहर 2.30 बजे से मतदान शुरू हुआ तथा मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम जारी किए गए। उदयपुर नगर निगम में कुल 80 पार्षदों ने मतदान किया। इसमें भाजपा प्रत्याशी दिनेश चंद्र भट्ट को 56 और कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मीनारायण मेघवाल को 24 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार भाजपा प्रत्याशी श्री भट्ट 32 मतों से विजयी घोषित हुए। रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम गिर्वा अवुला सांईकृष्ण ने उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा तथा शपथ दिलाई। इस दौरान सहायक रिटर्निंग अधिकारी एडीएम सिटी जितेंद्र ओझाभी उपस्थित रहे।
उधर, नगरपालिका कानोड़ में कांग्रेस के दिलीपसिंह को 14 और भाजपा के चेतनप्रकाश मेनारिया को 6 मत मिले। इस प्रकार दिलीपसिंह 8 मतों से विजयी रहे। भीण्डर में कांग्रेस के शोएब बोहरा को 14 और भाजपा के चमनलाल को 11 मत मिले। श्री बोहरा 3 मतों से विजयी रहे। नगरपालिका वल्लभनगर में भाजपा के कमलेश को 16 और कांग्रेस की सीमा अग्रवाल को 4 मत मिले। कमलेश 12 मतों से विजयी रहे। नगरपालिका मावली में कांग्रेस के मोहम्मद असरार और भााजपा के नितेश को 10-10 मत मिले। लॉटरी में कांग्रेस के असरार विजयी घोषित किए गए। फतहनगर-सनवाड़ में कांग्रेस की श्रेया गर्ग को 13 और भाजपा के मुकेश खटीक को 11 मत मिले। एक मत निरस्त हुआ। इस प्रकार कांग्रेस की श्रेया 2 मतों से विजयी रही।
आदर्श आचार संहिता समाप्त
निकाय चुनावों की निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण हेाने के साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के 309 में से 304 नगरीय निकाय क्षेत्रों से आदर्श आचार संहिता समाप्ति की घोषणा कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं आयोग सचिव राजेश वर्मा की ओर से जारी आदेश के अनुसार नगर निगम जयपुर, जोधपुर, कोटा, नगरपालिका सुकेत एवं खाटुश्यामजी को छोड़ कर शेष सभी निकायों में आदर्श आचार संहिता समाप्त कर दी गई है।
